मुरादाबाद : जांच के दौरान उपजिलाधिकारी बिलारी मुख्यालय से संबद्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। उप जिलाधिकारी बिलारी घनश्याम वर्मा और फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद के आरोप का सच सार्वजनिक होना बाकी है। लेकिन, शनिवार को जिलाधिकारी ने एसडीएम को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया। सूत्रों का दावा है कि एडीएम प्रशासन की अगुवाई में गठित जेसीबी से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई पर आरंभिक रिपोर्ट सौंप दी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। उप जिलाधिकारी बिलारी घनश्याम वर्मा और फर्नीचर कारोबारी जाहिद अहमद के आरोप का सच सार्वजनिक होना बाकी है। लेकिन, शनिवार को जिलाधिकारी ने एसडीएम को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया। सूत्रों का दावा है कि एडीएम प्रशासन की अगुवाई में गठित जेसीबी से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई पर आरंभिक रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें टाउन एरिया की भूमि पर फर्नीचर कारोबारी द्वारा अवैध निर्माण की पुष्टि हुई है।

उधर, फर्नीचर कारोबारी द्वारा उप जिलाधिकारी पर कुर्सी, मेज, बेड की खरीद का आरोप पुष्ट नहीं हो पाया है। जबकि बिल के आधार पर उप जिलाधिकारी घनश्याम वर्मा ने साबित कर दिया कि उन्होंने आरोप लगाने वाले से किसी तरह की फर्नीचर की खरीद नहीं की है। जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने शनिवार को उस स्थान की पैमाइश की जहां का निर्माण पिछले दिनों गिराया गया था। बताते हैं कि स्टेशन रोड पर टाउन एरिया की 400 वर्ग मीटर खाली जमीन है, जहां पानी भरा हुआ है। उसके एक कोने में फर्नीचर कारोबारी द्वारा 19.25 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था। यानी कि बुलडोजर से निर्माण गिराने की कार्रवाई सही पाई गई।

जांच अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि भूमि पैमाइश की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। 400 वर्ग मीटर भूमि पर19.25 वर्ग मीटर अतिक्रमण सही पाया गया। जबकि फर्म से फर्नीचर खरीद की पुष्टि नहीं हो पाई है। जीएसटी और बिल को लेकर उप जिलाधिकारी ने अपना पक्ष रखकर आरोप खारिज कर दिया है।

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि बिलारी उपजिलाधिकारी और फर्नीचर कारोबारी प्रकरण की जांच अभी प्रक्रिया में है। टाउन एरिया की भूमि की पैमाइश करायी गयी है। अभी अंतिम जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। निष्पक्ष जांच के मद्देनजर उपजिलाधिकारी को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जल्द प्रकरण की जांच रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंप दी जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दिल्ली हाईवे पर डंपर ने युवक को रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने की तोड़फोड़, लगाया जाम

संबंधित समाचार