लखनऊ : पंचायत रिक्त पद निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी की समय सारिणी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी जनपदों में क्षेत्र और जिला पंचायत के खाली पड़े पदों पर निर्वाचन के लिए शनिवार को समय सारिणी जारी की है। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने प्रदेश के समस्त जनपदों में क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायतों के सदस्यों के वैधानिक रूप से …
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी जनपदों में क्षेत्र और जिला पंचायत के खाली पड़े पदों पर निर्वाचन के लिए शनिवार को समय सारिणी जारी की है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने प्रदेश के समस्त जनपदों में क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायतों के सदस्यों के वैधानिक रूप से रिक्त उन सभी पदों पर निर्वाचन के लिए समय सारिणी जारी की , जो न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित नहीं हैं।
जारी समय सारणी के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने का अन्तिम दिन और समय 20 जुलाई, 2022 को (पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक), नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा का दिन व समय 21 जुलाई, 2022 को (पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य समाप्ति तक), उम्मीदवारी वापस लेने का दिन व समय 22 जुलाई, 2022 को (पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक), प्रतीक आवंटन का दिन व समय 22 जुलाई, 2022 को (अपराह्न 03 बजे से कार्य समाप्ति तक), मतदान का दिन व समय 04 अगस्त, 2022 को (प्रातः 07 बजे से अपराह्न 05 बजे तक) एवं मतगणना का दिन व समय 05 अगस्त, 2022 को (प्रातः 08 बजे से कार्य समाप्ति तक) सम्पन्न की जायेगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि संबंधित जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अपने जिले के सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे तथा उसकी प्रति सरकारी गजट में प्रकाशन के लिए तथा एक प्रति राज्य निर्वाचन आयोग को तत्काल भेजेंगे।
क्षेत्र पंचायतों के सदस्यों एवं जिला पंचायतों के सदस्यों के रिक्त पदों पर निर्वाचन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते के लिए निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा सार्वजनिक सूचना जारी की जायेगी।
इस निर्वाचन कार्यक्रम को प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराते हुए व्यापक प्रचार कराया जाएगा और संबंधित गांवों में मुनादी द्वारा सर्वसाधारण को इसकी सूचना दी जाएगी।
यह भी पढ़ें –बरेली: आईसीएसई 10वीं के परिणाम का इंतजार हुआ खत्म, कल जारी होंगे नतीजे
