बदायूं: ट्रांसफार्मर से चोरी करते थे तार, अंतरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। रविवार को एसओजी और कोतवाली बिसौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतरजनपदीय ट्रांसफार्मर गैंग का खुलासा गया है। गिरोह के 5 सदस्यों को दबोच लिया। आरोपी ट्रांसफार्मर से चोरी की योजना बना रहे थे। उनके पास से 91 किलोग्राम तांबे का क्वायल, कटर मशीन और अन्य उपकरण के अलावा 3 देशी …

बदायूं, अमृत विचार। रविवार को एसओजी और कोतवाली बिसौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतरजनपदीय ट्रांसफार्मर गैंग का खुलासा गया है। गिरोह के 5 सदस्यों को दबोच लिया। आरोपी ट्रांसफार्मर से चोरी की योजना बना रहे थे। उनके पास से 91 किलोग्राम तांबे का क्वायल, कटर मशीन और अन्य उपकरण के अलावा 3 देशी तमंचे व 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया है।

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के कस्बा शेखूपुर के बिजली घर से 16 मई की रात और कोतवाली बिसौली क्षेत्र में 3 जुलाई की रात बिजली घर पर लगे ट्रांसफार्मर को उतारकर कटर मशीन से उसके भीतर से तांबे की क्वायल आदि चोरी कर ली गई थी। एसएसपी ने एसओजी और कोतवाली बिसौली पुलिस की टीम बनाई थी। रविवार को टीम ने थाना इस्लामनगर क्षेत्र में आसफपुर रोड स्थित बिजली घर के पास चोरी की योजना बनाते गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह चलाते हैं। विभिन्न जिलों में ट्रांसफार्मर के भीतर से तार की चोरी कर चुके हैं। उनका गैंग अन्य जिलों में भी फैला है। चोरी करने से पहले वह रेकी करते हैं। योजना बनाकर चोरी को अंजाम देते हैं। सिविल लाइन, वजीरगंज क्षेत्र में भी गैंग के सदस्यों ने रेकी की थी। बिसौली क्षेत्र में चोरी करते समय गैंग लीडर फईम उर्फ फैजान का तेल पर फिसलने से पैर और हाथ टूट गया था।

ट्रांसफार्मर काटने का काम वही करता है जबकि उसके भीतर से निकलने वाले कीमती तारों को बेचने का काम कबाड़ी अनस और मुकीम करते हैं। पुलिस ने बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला जगतपुर गौटिया निवासी फईम उर्फ फैजान पुत्र सलीम, बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव घनघोरा पिपरिया निवासी यासीन मंसूरी पुत्र सिकंदर मंसूरी,

इसी गांव के गुड्डू उर्फ शाकिर पुत्र कल्लू मंसूरी व अलीम पुत्र कल्लू मंसूरी, बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के मोहल्ला तकिया के वार्ड नंबर 10 निवासी अनस उर्फ बब्लू पुत्र पप्पू मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना देवरनिया के गांव वासुधरन जागीर के फरीक अहमद पुत्र शब्बीर अहमद, कस्बा शेखूपुर निवासी मुकीम, बरेली के थाना आंवला के गांव ताडगंज नई बस्ती के नदीम पुत्र बूढ़न शाह वांछित चल रहे हैं।

उत्तराखंड में भी कर चुके हैं चोरी
यह गैंग बहुत बड़ा है। आरोपियों ने कबूल किया है कि वह बदायूं के अलावा बरेली, रामपुर से लेकर उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर के बिजली घरों से भी ट्रांसफार्मर चोरी कर चुके हैं। गैंग का लीडर फईम उर्फ फैजान चोरी की अन्य घटनाओं में दिल्ली, हरियाणा और बरेली के थाना बरादरी में दर्ज रिपोर्ट के बाद जेल जा चुका है। पुलिस उसका पूरा आपराधिक इतिहास खोज रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम
गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्वेंद्र कुमार, सचिन कुमार झा, शराफत हुसैन, मुकेश कुमार, सचिन कुमार, लोकेंद्र कुमार, मनीष कुमार, भूपेंद्र, आजाद, अरविंद कसाना, कुशकांत के अलावा कोतवाली बिसौली के प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार व विनोद कुमार, अमित कुमार, जगतपाल, उदयप्रताप सिंह, रिजाबुल हसन रहे।

यह भी पढ़ें- बदायूं: खुलासा.. सगे भाइयों ने की थी बसंत कुमार की हत्या, गिरफ्तार

संबंधित समाचार