मुरादाबाद: वाह री पुलिस! पैसे संग हजम कर गई तमंचे वाली तस्वीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। धनउगाही में लिप्त पुलिस कर्मी चंद रुपये की लालच में गुनाह पर पर्दा डालने से भी नहीं हिचकते। अपराध व अपराधियों पर मेहरबान कानून के रखवाले जेब में नोट का बंडल भरकर खामोशी की चादर ओढ़ ले रहे हैं। भगतपुर थाना क्षेत्र में सोशल प्लेटफार्म पर वायरल पुलिस की एक ऐसी ही …

मुरादाबाद, अमृत विचार। धनउगाही में लिप्त पुलिस कर्मी चंद रुपये की लालच में गुनाह पर पर्दा डालने से भी नहीं हिचकते। अपराध व अपराधियों पर मेहरबान कानून के रखवाले जेब में नोट का बंडल भरकर खामोशी की चादर ओढ़ ले रहे हैं। भगतपुर थाना क्षेत्र में सोशल प्लेटफार्म पर वायरल पुलिस की एक ऐसी ही कारगुजारी अब आम हो गई है। पुलिस के करतूतों की पोल खुल गई है। सोशल मीडिया पर तमंचे समेत वायरल युवक की तस्वीर व पुलिस की रहस्यमय खामोशी सवाल बन गई है। वायरल तस्वीर की असलियत खंगालने में उच्चाधिकारी जुट गए हैं।

एक माह पहले भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात आई। जिस गांव में बरात आई, वहां एक पुलिस चौकी भी है। वहां तैनात एक सिपाही को दूसरे दिन भनक लगी कि गांव के एक युवक की आपत्ति जनक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रही है। शातिर सिपाही आरोपी युवक को कानून का पाठ पढ़ाने की बजाय धन उगाही के खेल में जुट गया। तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे युवक को चौकी पर तैनात सिपाही ने अपने पास बुलाया।

फिर वायरल तस्वीर के गैर कानूनी होने की दलील देते युवक को गिरफ्तार करने की धमकी दी। सिपाही से बातचीत के दौरान युवक भांप चुका था कि खाकी की मंशा कानूनी कार्रवाई की नहीं बल्कि धनउगाही की है। कानूनी की गिरफ्त से बचने की कोशिश में युवक ने सिपाही से तोलमोल शुरू कर दिया। युवक को छोड़ृने के एवज में सिपाही ने पहले 50 हजार रुपये की मांग की। सिपाही ने यह भी बताया कि मामला बड़ा है। चौकी से लेकर थाने तक को मैनेज करना होगा। सिपाही के चंगुल में फंसे युवक ने गरीबी का रोना रोया।

20 हजार रुपये अदा करने पर युवक राजी हो गए। रुपये मिलते ही सिपाही खामोश हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि बीते एक माह से लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा युवक अभी भी कानूनी की गिरफ्त से दूर है। दुस्साहसी युवक को सबक सिखाने की बजाए पुलिस ने पूरे प्रकरण से ही किनारा कस लिया है। पुलिस की रहस्यमय खामोशी आम लोगों के बीच बहस मोबाहिशे का केंद्र बन गई है।

तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल युवक की तस्वीर के मामले की जांच होगी। पता लगाया जाएगा कि युवक कहां का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। जांच में सिपाही की भूमिका यदि गलत मिली, तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विद्या सागर मिश्र, एसपी ग्रामीण मुरादाबाद।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बीमा व लोन के नाम पर ठगी का काला कारोबार खड़ा करने के दो आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार

संबंधित समाचार