बिजनौर: पिता की डांट से बचने को बच्चे ने बनाई अपहरण की कहानी
बढ़ापुर, अमृत विचार। बाप की डांट से बचने को बच्चे ने स्वयं ही अपहरण की झुठी कहानी बना ली। पुलिस की पूछताछ में बच्चे ने सच्चाई का खुलासा किया। रविवार की देर रात कस्बे के मोहल्ला पठानान निवासी मुफ्ती शाहिद के 11 वर्षीय पुत्र अबूबकर ने घर पहुंचकर स्वजनों को बताया था कि वह घर …
बढ़ापुर, अमृत विचार। बाप की डांट से बचने को बच्चे ने स्वयं ही अपहरण की झुठी कहानी बना ली। पुलिस की पूछताछ में बच्चे ने सच्चाई का खुलासा किया। रविवार की देर रात कस्बे के मोहल्ला पठानान निवासी मुफ्ती शाहिद के 11 वर्षीय पुत्र अबूबकर ने घर पहुंचकर स्वजनों को बताया था कि वह घर के बाहर खड़ा था, तभी बाइक सवार दो लोग आए और उसका मुंह दबाकर बाइक पर बैठाकर कस्बे के पूर्वी दिशा में स्थित कलवा वीर मंदिर के पास गन्ने के खेत में ले जाकर यूकेलिप्टस के पेड़ से रस्सी से बांध दिया।
इस दौरान दोनों युवकों के आपस में बातचीत में मशगूल होने पर अबूबकर रस्सी को ढीली कर वहां से भाग आया था। मुफ्ती शाहिद की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और देर रात्रि में बच्चे को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां दोनों आरोपी युवकों की गन्ने के खेतों में तलाश की गई। लेकिन वहां से पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस ने बाद में कलवा वीर मंदिर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई। लेकिन इन फुटेज से भी घटना के सम्बन्ध में कोई सफलता नहीं मिली।
थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने देर रात्रि लगभग 12 बजे मुफ्त शाहिद के घर आकर परिवार से जानकारी ली और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया था। सोमवार को इस कहानी में उस समय नया मोड़ आया, जब अबूबकर ने पुलिस को बताया कि रविवार की देर रात्रि वह अपने दोस्त के साथ कस्बे में वीडियो गेम खेलने गया था। गेम खेलते समय उसको काफी देर हो गई थी। उसको लगा कि उसके पापा अब उसको डांटेंगे। इसलिए डांट से बचने के लिए उसने यह झूठी कहानी रची थी, इस घटना की सच्चाई के सामने आने के बाद पुलिस ने चैन की सांस ली।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: दो शातिर पशु चोर गिरफ्तार और दो फरार, 90 हजार की नगदी सहित महिंद्रा पिकअप बरामद
