हरदोई: पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, चार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे सराफा कारोबारी के साथ लाखों की लूट करने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। भाग रहे बदमाशों ने उनका पीछा कर रही पुलिस टीम के ऊपर फायर झोंके, बचाव में पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली लगने …

हरदोई। दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे सराफा कारोबारी के साथ लाखों की लूट करने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। भाग रहे बदमाशों ने उनका पीछा कर रही पुलिस टीम के ऊपर फायर झोंके, बचाव में पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली लगने से दो बदमाश जख्मी हो गए।उन दोनों के अलावा दो और बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

उनके कब्जे से लूटा गया ज़ेवर, तमंचे, कारतूस और एक मारूति कार बरामद की गई है। मंगलवार को मीडिया से मुखातिब हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि 15 जून को कासिमपुर थाने के गौसगंज नेवादा के पास सराफा कारोबारी के साथ लाखों की लूट को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी थी। इसके खुलासे के लिए तीन टीमें तैयार की गई।

इसके बाद से ही कासिमपुर पुलिस के अलावा सर्विलांस/ स्वाट टीम मामले का खुलासा करने में जुट गई। 18 जुलाई को कासिमपुर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। सरेहरी चौराहे के पास खबर लगी कि कार पर सवार कुछ बदमाश लूटे गए ज़ेवर के साथ उसे बेचने के लिए बेहटा मुजावर की तरफ से आ रहे हैं।

पुख्ता खबर सुनते ही पुलिस टीम चौकन्ना हो गई। वहां आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी गई। इसी बीच पुलिस को मारूति कार आती हुई दिखाई दी। उसे रोकने-टोकने पर कार सवार भागे, उन्हें कटान मोड़ के पास रोकना चाहा गया, फिर भी वह नहीं रुके। पुलिस उनका पीछा कर रही थी,इसी बीच उनकी कार गौरी सैय्यद तालिब जाने वाली सड़क के किनारे खड़े लोहे के एंगल से जा टकराई।

पुलिस कार की तरफ बढ़ी, इसी बीच बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिए, पुलिस ने भी अपने बचाव में फायर किए, जो दो बदमाशों के पैर लगे। गोली लगने से दो बदमाश पवन कुमार पुत्र मनीराम निवासी दण्डबल थाना मेहनाजपुर आज़मगढ़,हाल पता दुर्गा विहार ताड़बगिया जाजमऊ कानपुर नगर और सत्येंद्र सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह निवासी टिकरा गांव थाना हरपालपुर ज़ख्मी हो गए। तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

इसके अलावा उनके गैंग के बंटी उर्फ राजू पुत्र बदलू निवासी गंज मुरादाबाद बांगरमऊ ज़िला उन्नाव और विवेक उर्फ राहुल पुत्र सदाशिव निवासी अलमापुर थाना लोनी कटरा बाराबंकी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी श्री द्विवेदी ने बताया है कि पुलिस पकड़ में आए बदमाशों की जामातलाशी में उनके कब्ज़े से 1754 ग्राम सफेद और 20 ग्राम पीली धातु के ज़ेवर,13 हज़ार रुपए की नगदी और मारूति कार नंबर यूपी-78/सीज़ेड/2598 बरामद की गई है। साथ ही दो तमंचे, कारतूस व खोखा बरामद किए गए हैं। एसपी ने आगे बताया कि ज़ख्मी बदमाशों का इलाज कराया जा रहा है।

गुरुवार को एक और वारदात को देते अंजाम!

हरदोई। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया है कि पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि आने वाले गुरुवार को अमौली फतेहपुर में एक सराफा कारोबारी से लूटपाट करने का खाका तैयार कर रखा था। वारदात को अमलीजामा पहनाने से पहले ही हरदोई पुलिस ने उनके सारे किए-धरे पर पानी फेर दिया।

कहां-कहां कर चुके हैं वारदात

हरदोई। एसपी श्री द्विवेदी ने बताया कि पुलिस पकड़ में आए बदमाशों ने 11जुलाई को लखनऊ के इंदिरा गांधी पीजी कालेज के पास लूट के इरादे से गोली मार दी थी। इससे पहले 11 जून को शाहजहांपुर ज़िले के रौज़ा मेज़बान होटल के पास ओवर ब्रिज के नीचे आंखों में मिर्च झोंक कर वारदात की थी। 9 अप्रैल को कानपुर देहात के मूसापुर में भी वारदात की थी। इसके अलावा लखनऊ के वृन्दावन चिरैयाबाग में महिला से लूट और हैदरगढ़ बाराबंकी में रिलायंस पेट्रोल पम्प के पास लूट-पाट कर वहां की पुलिस को चकरघिन्नी बना दिया था।

लखनऊ और कानपुर पुलिस रही पीछे

हरदोई। पुलिस पकड़ में आए बदमाश पवन कुमार के ऊपर लखनऊ के तालकटोरा, पीजीआई, आलमबाग, बाज़ार खाला, ठाकुर गंज व कृष्णानगर थाने में तमाम मामले दर्ज हैं। वहीं कानपुर के नौबस्ता व विधनू की पुलिस को उसकी तलाश थी। इतना ही नहीं उसके ऊपर कोतवाली शहर हरदोई व साण्डी थाने में भी मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

जांबाज पुलिस के जवान

लूट-पाट करने वाले बदमाशों के साथ मुठभेड़ में शामिल जांबाज़ जवानों में कासिमपुर एसएचओ हरिशंकर प्रजापति, सर्विलांस प्रभारी ब्रजेश कुमार मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी प्रेमसागर सिंह, एसआई संजय सिंह, आदित्य मौर्या, हेड कांस्टेबिल राघवेन्द्र सिंह, अवधेश कुमार, दिनेश चंद्र शर्मा, मो.कलीम खां, सुभाष मौर्या, रामसेवक, राजेंद्र यादव, संदीप पाल, चंद्रजीत यादव, शोहित गुर्जर, जयचंद्र यादव, ओमवीर सिंह,ब्रजनंदन, आदित्य प्रताप सिंह, जितेन्द्र कुमार,मंजेश कुमार,त्रिवेश कुमार, सुरजीत सिंह व प्रदीप कुमार शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:-अमरोहा : पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश घायल, सिपाही के हाथ में लगी गोली

संबंधित समाचार