संभल: मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश और पुलिसकर्मी को लगी गोली
संभल, अमृत विचार। मंगलवार को वाहनों की चेकिंग के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली से लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, तमंचा व …
संभल, अमृत विचार। मंगलवार को वाहनों की चेकिंग के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली से लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, तमंचा व चार कारतूस बरामद किए हैं। पुलिसकर्मी व बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाहन चैकिंग के दौरान थाना नखासा पुलिस व एक बदमाश में मुठभेड़ हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसपी संभल आलोक कुमार जायसवाल ने बताया कि जनपद रामपुर के थाना अजीम नगर क्षेत्र के गांव खड़िया निवासी सुलेमान पुत्र अतीक वहां से आकर थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला शहवाजपुरा खुर्द में रहने लगा था। उस पर पिछले कुछ दिनों पहले थाना नखासा में गैंगस्टर को लेकर कार्रवाई की गई थी।
तभी से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस जगह जगह छापेमारी कर तलाश कर रही थी। पुलिस की पकड़ में नहीं आने पर बदमाश के ऊपर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मंगलवार को थाना नखासा पुलिस सिंहपुरसानी के पास ऐचवाड़ा तिराहे पर वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। सिहपुरसानी की ओर से बदमाश बाइक पर सवार होकर आ रहा था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान जैसे ही उसे रुकने को कहा। वह बाइक लेकर भागने लगा।
पुलिस के पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे एक पुलिसकर्मी राजेश कुमार घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश की टांग में लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने दौड़कर उसे कब्जा में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, तमंचा व चार कारतूस बरामद किए हैं। घायल पुलिस कर्मी व बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: जेठ ने की छेड़छाड़ तो विरोध पर पति ने दिया तीन तलाक
