संभल: घर में लटका मिला था शव, परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम
संभल, अमृत विचार। थाना असमोली के एक गांव में किशोर का शव फंदे पर लटका मिला था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए रतनपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे और परिजनों की तहरीर पर …
संभल, अमृत विचार। थाना असमोली के एक गांव में किशोर का शव फंदे पर लटका मिला था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए रतनपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने पर परिजनों ने जाम को खोल दिया।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव गुमसानी निवासी जोगेंद्र पुत्र अशोक कुमार का शव उसके घर में दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। मृतक के परिजनों ने गांव के ही ट्रैक्टर स्वामी व उसके बेटों पर मजदूरी के रुपए मांगने पर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा तो परिजनों व ग्रामीणों ने रतनपुर मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया।
परिजनों ने नाम जद तहरीर देने के बाद भी पुलिस पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम लगाने की सूचना मिलने पर सीओ जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन परिजनों नहीं माने और मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। सीओ ने गांव के ही गांव निवासी समरपाल पुत्र यादराम व उसके बेटों रंजीत, सोनू और अजय पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटा तक सड़क पर जाम लगा रहा। मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया और शव को लेकर घर चले गए। अंतिम दर्शन करने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। किशोर की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:- संभल: मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश और पुलिसकर्मी को लगी गोली
