मुरादाबाद : सजायाफ्ता कैदियों ने जेल में रची रंगदारी मांगने की झूठी कहानी
मुरादाबाद, अमृत विचार। उम्र कैद की सजा से खौफजदा दो कैदियों ने सेंट्रल जेल जाने से बचने की कोशिश में रंगदारी मांगे जाने की झूठी कहानी गढ़ दी। प्रारंभिक जांच में मिले चौंकाने वाले संकेत के बाद सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी अलर्ट हो गए हैं। वह घटना की तह तक जाने में जुटे हैं। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। उम्र कैद की सजा से खौफजदा दो कैदियों ने सेंट्रल जेल जाने से बचने की कोशिश में रंगदारी मांगे जाने की झूठी कहानी गढ़ दी। प्रारंभिक जांच में मिले चौंकाने वाले संकेत के बाद सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी अलर्ट हो गए हैं। वह घटना की तह तक जाने में जुटे हैं। क्षेत्राधिकारी पता लगा रहे हैं कि पीड़ित के रूप में एसएसपी का दरवाजा खटखटाने वाले युवक का तार कैदियों से तो नहीं जुड़ा है। जांच पूरी होने के बाद ही संदिग्ध युवक की भूमिका का पटाक्षेप हो सकेगा।
तफ्तीश
- सीओ की प्रारंभिक जांच में मिले गहरी साजिश के संकेत
- कथित पीड़ित की भूमिका की टोह लेने में जुटी पुलिस
दरअसल, मझोला में खुशहालपुर के रहने वाला शुभम सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा। आईटीआई के छात्र ने तहरीर में बताया कि 16 जुलाई को रजिस्टर्ड डाक से उसे एक पत्र मिला। पत्र भेजने वाले अली अब्बास व अली इमरान पुत्र अनवर हुसैन हैं। दोनों जिला कारागार में कैद हैं।
उन पर लूट, हत्या व डकैती के कई मुकदमे दर्ज हैं। बैरक नंबर आठ में कैद बंदियों ने 20 जुलाई तक 20 लाख रुपये जेल में पहुंचाने की धमकी दी है। रुपये न मिलने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। मामले की गंभीरता भांप पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटना की जांच सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी को सौंपी। मंगलवार को सीओ ने जांच के पहले चरण में जेल अधिकारियों से संपर्क किया। छानबीन में पता चला कि अली अब्बास व अली इमरान सजायाफ्ता कैदी हैं। दोनों को उम्रकैद हो चुकी है। दोनों बंदी कुछ ही दिनों में सेंट्रल जेल जाने वाले हैं।
जेल प्रशासन ने आशंका जताई कि बंदियों के स्वजन की सांठगांठ से दोनों का स्थानांतरण रद कराने की कोशिश हो रही है। रंगदारी का मुकदमा दर्ज होते ही बंदियों का स्थानांतरण सेंट्रेल जेल नहीं हो सकेगा। कानूनी अड़चन डालने की कोशिश में ऐसा कृत्य होने की संभावना जताई। सीओ को जेल प्रशासन की दलील भारी लगी। अब सीओ की नजर शिकायतकर्ता की भूमिका पर टिक गई है। पुलिस नए सिरे से शिकायतकर्ता से पूछताछ करेगी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: सेवाओं की पोटली लेकर अरविंद गोयल लखनऊ रवाना, मुख्यमंत्रियों को दान करेंगे संपत्ति
