बरेली: कुछ मिनटों की बारिश से सड़कें जलभराव से हुईं लबालब, कई मार्गों पर दो पहिया वाहन चलाना बना चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले की अधिकांश सड़कें जर्जरता का दंश झेल रही हैं। हालांकि कई सड़कों को फौरी तौर पर लीपापोती करते हुए दुरुस्त भी किया जा रहा है, लेकिन झमाझम बारिश के चलते सड़कें कीचड़ से लथपथ हो गई हैं, सड़कों पर जानलेवा तालाब नुमा गड्ढे बन गए हैं। इन गहरे गड्ढों में खूब पानी भर …

बरेली, अमृत विचार। जिले की अधिकांश सड़कें जर्जरता का दंश झेल रही हैं। हालांकि कई सड़कों को फौरी तौर पर लीपापोती करते हुए दुरुस्त भी किया जा रहा है, लेकिन झमाझम बारिश के चलते सड़कें कीचड़ से लथपथ हो गई हैं, सड़कों पर जानलेवा तालाब नुमा गड्ढे बन गए हैं। इन गहरे गड्ढों में खूब पानी भर गया है जिसके कारण इनकी गहराई का भी पता नहीं चल पा रहा है। रास्ते में चलते वाहन धड़ाम से इन गड्ढों में घुस जा रहे हैं। आलम यह है कि इसके चलते दो पहिया व छोटे वाहन चालकाें को भारी नुकसान भी सहना पड़ रहा है और कई बार दुर्घटनाओं का शिकार भी होना पड़ रहा है।

संजय नगर मार्ग पर गाड़ी चलाना चुनौती
संजय नगर श्मशान भूमि से लेकर बजरंग ढाबा तक एक टुकड़ा बिल्कुल जर्जर पड़ा हुआ है। यहां के स्थानीय लोगों व राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर इतने गड्ढे हैं कि गाड़ी चलाना एक चुनौती सा बन गया है। छोटे वाहनों का आधे से ज्यादा पहिया इन गड्ढों में डूब जा रहा है। कई बार इन गड्ढों से अपनी गाड़ी बचा कर निकालने के चक्कर में हादसे भी हो रहे हैं।

दुर्गा नगर क्षेत्र हर बरसात में बनता है तालाब
यह शहर का एक ऐसा इलाका है जो बरसात में जलभराव के लिए लंबे समय से जाना जाता है। कुछ ही मिनटों की बारिश ने इस क्षेत्र से आने जाने वाले लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। जगह-जगह टूटी सड़कें, उन पर बहता पानी इस मार्ग से निकलने वाले छोटे वाहनों के लिए मुश्किलें पैदा कर रहा है। सड़क पर भरे पानी से इस कदर फिसलन हो रही है की जरा सी चूक होते ही दोपहिया वाहन फिसल जा रहा है। इस क्षेत्र के लोग काफी समय से इस परेशानी के खत्म होने की राह देख रहे हैं। फिलहाल उनकी आस महज एक आस बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- बरेली: पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले छात्रों को भी मिलेगा प्रवेश

 

संबंधित समाचार