मुरादाबाद : स्कूल से गायब मिले गुरुजी तो कटेगा वेतन
मुरादाबाद,अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में अनुशासन और गुणवत्ता में बेहतरी के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद प्रयासरत हैं। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए हर दिन इसकी जांच कराने का आदेश दिया है। शिक्षाधिकारियों के निरीक्षण में स्कूल से गायब मिले गुरुजी का वेतन काटने के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में अनुशासन और गुणवत्ता में बेहतरी के लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद प्रयासरत हैं। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए हर दिन इसकी जांच कराने का आदेश दिया है। शिक्षाधिकारियों के निरीक्षण में स्कूल से गायब मिले गुरुजी का वेतन काटने के साथ ही अन्य कार्रवाई भी होगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें विद्यालयों में नियमित निरीक्षण, व्यवस्था का अनुश्रवण, मध्याह्न भोजन का संचालन, साफ-सफाई, पठन-पाठन व छात्र-छात्राओं के आउटकम में सुधार लाने के लिए कहा है। उन्होंने हर दिन सुबह छह बजे सभी खंड शिक्षाधिकारियों व जनपदीय समन्वयकों को अपने कार्यालय में बुलाकर प्रेरणा निरीक्षण एप के जरिए अधिक स्कूलों का निरीक्षण कराने के लिए कहा है। इसमें दूरस्थ ब्लॉक व दूरस्थ विद्यालयों का आवंटन शिक्षाधिकारियों में करने के लिए कहा। सभी को एक दिन में एक ब्लॉक में भेजकर एक-एक अधिकारी को दो-दो स्कूल का निरीक्षण कराने के लिए कहा है। समय से स्कूल खुलने, यू-डायस आवंटित करने की स्थिति, शिक्षकों की समय से उपस्थिति आदि सुनिश्चित हो रहा है कि नहीं इसका निरीक्षण कर रिपोर्ट देना होगा।
बिना सूचना दिए तीन दिन अनुपस्थित रहने पर करें कार्रवाई
स्टेट रिसोर्स परसन, एआरपी, डायट मेंटर्स की बैठक कराकर इसमें ऐसे शिक्षकों का नाम पता कराएं जो शिक्षक बिना सूचना के तीन या इससे अधिक दिन स्कूल से अनुपस्थित हों।, उन पर कठोर कार्रवाई का आदेश दिया है। निरीक्षण में 2021-22 में डीबीटी के माध्यम से प्राप्त धनराशि से अभिभावकों को प्रेरित कर यूनीफार्म, जूता मोजा, स्कूल बैग, स्वेटर की खरीद सुनिश्चित हुई है या नहीं इसके भी देखने के लिए महानिदेशक ने कहा है। निरीक्षण में जिन शिक्षकों की कार्यशैली, उपस्थिति और अन्य कार्य व्यवहार बेहतर मिलें उनको प्रोत्साहित करने के लिए भी कहा गया है।
टॉल फ्री नंबर का करें प्रचार-प्रसार
विभाग के टॉल फ्री नंबर 18001800666 का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार भी करना है इसका मकसद राज्य सरकार के पास सीधे शिकायत पहुंचने से है, जिससे व्यवस्था में सुधार होगा। यह नंबर सुबह 6.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित रहता है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा के द्वारा दिए गए आदेश का शत प्रतिशत अनुपालन जिले में कराएंगे। इसके लिए सभी खंड शिक्षाधिकारियों और जनपदीय समन्वयकों को निर्देश दिया गया है। -बुद्ध प्रिय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अनूठे और अद्भुत रिश्ते को भूलकर फैशन परस्त हुई खाकी
