सुल्तानपुर: झोलाछाप ने किया महिला का ऑपरेशन, मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया रोड जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुल्तानपुर। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से जिले में झोलाछाप डाक्टरों की भरमार है। अवैध रूप से संचालित एक अस्पताल में झोलाछाप ने महिला का आपरेशन कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। …

सुल्तानपुर। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से जिले में झोलाछाप डाक्टरों की भरमार है। अवैध रूप से संचालित एक अस्पताल में झोलाछाप ने महिला का आपरेशन कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बिरईपुर भटपुरवा निवासी सभाजीत निषाद की पत्नी उर्मिला देवी कुछ दिनों से बीमार थीं। अखंडनगर के हरथुआ बभनपुर बाजार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल से उनका इलाज चल रहा था। सभाजीत ने बताया कि पेट में दर्द होने पर पत्नी को दिखाया तो बताया गया कि टाइफाइड और मलेरिया है। अल्ट्रासाउंड कराने पर बच्चेदानी में सूजन होने की बात कही गई।

एक सप्ताह तक ईलाज किया गया। खुद को डाक्टर बताने वाले संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि समस्या आपरेशन करने से ही दूर हो सकती है। तत्काल इसके लिए 15000 रुपये की मांग की गई। गुरुवार की शाम संदीप व सहयोगी नीलम विश्वकर्मा ने आपरेशन किया। इसी दौरान बताया कि मरीज को हर्निया भी है। इसलिए इसका भी आपरेशन करना होगा। दस हजार रुपये अलग से लगेंगे।

आपरेशन थिएटर से मरीज को निकालने पर दो-तीन घंटे बाद होश आने की बात कही गई। शुक्रवार की भोर में भी होश नहीं आया तो इसकी जानकारी दोनों को दी गई। वे जांच कर थोड़ा और इंतजार करने की बात कर बाहर निकले, फिर उनका पता नहीं चला। वार्ड ब्वाय भी चहारदीवारी फांदकर भाग निकला। इस घटना के बाद ग्रामीण भड़क उठे। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अस्पताल को घेर लिया। आवागमन ठप कर दोषियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करने लगे।

थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल सीएमओ कार्यालय में पंजीकृत नहीं है। बोर्ड पर जो डिग्री लिखी गई है, उसके बारे में जांच की जा रही है।

मामले को लेकर सुलतानपुर के सीएमओ ने कहा- पत्नी का ईलाज कराने लखनऊ आए हैं। मामला गंभीर है। लौटने पर जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. डीके त्रिपाठी, सीएमओ सुलतानपुर

पढ़ें-बदायूं: झोलाछाप के ऑपरेशन से मासूम की मौत

संबंधित समाचार