लखनऊ : केजीएमयू शिक्षकों में आक्रोश, जानें क्यों नाराज हैं डाक्टर
लखनऊ, अमृत विचार। पे—मैट्रिक्स एवं सेवानिवृत्तिक लाभ न मिलने के कारण केजीएमयू के चिकित्सकों में रोष है। केजीएमयू शिक्षक संघ ने कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पे—मैट्रिक्स एवं सेवानिवृत्तिक लाभ देने का आदेश जारी नहीं हुआ तो केजीएमयू के चिकित्सक आन्दोलन करने के लिए बाध्य होंगे। केजीएमयू शिक्षक संघ ने शनिवार को …
लखनऊ, अमृत विचार। पे—मैट्रिक्स एवं सेवानिवृत्तिक लाभ न मिलने के कारण केजीएमयू के चिकित्सकों में रोष है। केजीएमयू शिक्षक संघ ने कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पे—मैट्रिक्स एवं सेवानिवृत्तिक लाभ देने का आदेश जारी नहीं हुआ तो केजीएमयू के चिकित्सक आन्दोलन करने के लिए बाध्य होंगे। केजीएमयू शिक्षक संघ ने शनिवार को कलाम सेन्टर में बैठक की। बैठक में शिक्षक संघ के सदस्यों ने निर्णय लिया कि पहले मुख्यमंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री व कुलपति को ज्ञापन दिया जायेगा। ज्ञापन देने के एक सप्ताह के भीतर यदि कोई निर्णय नहीं हुआ तो केजीएमयू के शिक्षक काला फीता बांधकर विरोध दर्ज करायेंगे। इसके बाद भी यदि हमारी मांगें नहीं मानी गयी तो केजीएमयू के चिकित्सक आन्दोलन करेंगे।
केजीएमयू शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा.के.के.सिंह ने बताया कि साल 2016 में एक जनवरी से प्रभावी संशोधित पे—मैट्रिक्स एवं सेवानिवृत्तिक लाभ आदि के आदेश एसजीपीजीआई व लोहिया संस्थान के लिए जारी किये जा चुके हैं, लेकिन केजीएमयू के शिक्षकों के लिए आदेश अभी तक जारी नहीं किया गया है।
केजीएमयू शिक्षक संघ के सचिव प्रो. संतोष कुमार ने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण वैधानिक मांगें पूरी करने में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिसके कारण केजीएमयू के शिक्षकों में रोष है। डा.संतोष कुमार ने बताया कि इसमें से वाहन भत्ता,अर्जित अवकाश,प्रोन्नति की अर्हता तिथि से वेतन,चिकित्सकीय सुविधाएं व बैंक संबंधी आदि समस्याओं का समाधान केजीएमयू स्तर से संभव है। शेष अन्य मांगें शासन स्तर से लचर पैरवी के कारण लंबित हैं।
केजीएमयू शिक्षक संघ के सदस्यों ने बैठक में आर्थोपेडिक विभाग के दिवंगत चिकित्सक डा. संतोष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी शिक्षकों ने अपने एक दिन का वेतन उनके परिवार को देने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र में शिवसेना 11 करोड़ लोगों के दिलों में बसती है, और क्या सबूत चाहिए: संजय राउत
