मुरादाबाद : सड़क हादसे में रामपुर के युवक की दर्दनाक मौत, पत्नी की हालत गंभीर
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर से बाइक पर सवार होकर सपरिवार मुरादाबाद आ रहा एक युवक सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया। भीषण हादसे में मृतक की पत्नी को गंभीर चोटें आईं। घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दर्दनाक हादसा कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर बाईपास रोड पर लक्ष्मीपुर कट्टई के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर से बाइक पर सवार होकर सपरिवार मुरादाबाद आ रहा एक युवक सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया। भीषण हादसे में मृतक की पत्नी को गंभीर चोटें आईं। घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दर्दनाक हादसा कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर बाईपास रोड पर लक्ष्मीपुर कट्टई के पास हुआ है।
रामपुर के शहजाद नगर थाना क्षेत्र में जाधवपुर गांव का रहने वाला 42 वर्षीय करन सिंह सोमवार को पत्नी कमलेश देवी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से मुरादाबाद रवाना हुआ। परिजनों के मुताबिक दंपती मुरादाबाद के गागन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलने और उसकी कुशलक्षेम जानने आ रहे थे। बाइक सवार दंपती रामपुर बाईपास पर कटघर थाना क्षेत्र में लक्ष्मीपुर कट्टई गांव के सामने पहुंचे थे। तभी एक स्कार्पियो गाड़ी ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायल दंपती को जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने करन सिंह को तत्काल मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल कमलेश देवी का उपचार शुरू हुआ। महिला के दोनों ही पैर की हड्डी टूट गई है। उसकी हालत चिंताजनक है। उधर कटघर पुलिस ने करन सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सकों के मुताबिक सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के कारण करन सिंह ने दम तोड दिया। करन सिंह की मौत से परिजनों में चीख पुकार मची है। वह पेशे से किसान था। करन सिंह की अकाल मौत से तीन बेटों व एक बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: हत्यारोपी ने चोरी से जोड़ी कत्ल की कहानी
