मुरादाबाद : साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड बदल कर लगाया 35 हजार रुपये का चूना
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर में साइबर ठगों का तिलिस्म टूटने का नाम नहीं ले रहा। साइबर ठगों ने एक युवती की आंख में धूल झोंक कर खाता धारक को 35 हजार रुपये का चूना लगा दिया। ठगी की घटना से हक्का बक्का पीड़ित की तहरीर पर कटघर पुलिस अभियोग दर्ज कर ठगों की तलाश में जुटी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर में साइबर ठगों का तिलिस्म टूटने का नाम नहीं ले रहा। साइबर ठगों ने एक युवती की आंख में धूल झोंक कर खाता धारक को 35 हजार रुपये का चूना लगा दिया। ठगी की घटना से हक्का बक्का पीड़ित की तहरीर पर कटघर पुलिस अभियोग दर्ज कर ठगों की तलाश में जुटी है।
कटघर थाना क्षेत्र में रहमतनगर करूला के रहने वाले मजफूज अली पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारक हैं। उनका खाता आईएफटीएम यूनिवर्सिटी लोधीपुर राजपूत स्थित बैंक की शाखा में हैं। 16 जून को बहन आसमा परवीन भाई का एटीएम कार्ड लेकर कोहिनूर तिराहा स्थित एसबीआई एटीएम पर गईं। वहां पर दो युवक पहले से मौजूद थे। रुपये की निकासी की कोशिश कर रही आसमां की आंख में धूल झोंक दोनों युवकों ने न सिर्फ उसका एटीएम कार्ड बदला, बल्कि चोरी छिपे गुप्त कोड भी देख लिया। बगैर रकम निकासी वापस घर लौटी आसमा के होश तब उड़े, जब भाई मजफूज के मोबाइल फोन पर खाते से दस हजार रुपये निकलने का मैसेज मिला।
पूछताछ के बाद मजफूज को समझते देर नहीं लगी कि उसकी बहन साइबर ठगों के जाल में फंस कर एटीएम कार्ड गवां चुकी है। खाताधारक ने बैंक पहुंच कर एटीएम कार्ड बंद करने का आवेदन दिया। आवेदन तत्काल स्वीकार न होने के कारण 29 जून को ठगों ने उसके खाते से 25 हजार रुपये की फिर निकासी कर ली। खाते से 35 हजार रुपये की ठगी होने से परेशान मजफूज ने एसएसपी को तहरीर दी। एसएसपी के आदेश पर कटघर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत ठगी का मुकदमा दर्ज किया। घटना के बावत थाना प्रभारी कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की छानबीन शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सड़क हादसे में रामपुर के युवक की दर्दनाक मौत, पत्नी की हालत गंभीर
