अमरोहा : हसनपुर में दुल्हन करती रही इंतजार, दूल्हा परिवार के साथ हुआ फरार, जानिए क्या है मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर (अमरोहा),अमृत विचार। दुल्हन और घराती बारात आने का इंतजार करते रहे और दूल्हा परिवार के साथ घर में ताला डालकर फरार हो गया। बारात के लिए बनाया गया खाना भी खराब हो गया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग थाने पहुंचे और शिकायत की। नगर के मोहल्ला दूल्लावाला निवासी युवक शादी करने का झांसा …

हसनपुर (अमरोहा),अमृत विचार। दुल्हन और घराती बारात आने का इंतजार करते रहे और दूल्हा परिवार के साथ घर में ताला डालकर फरार हो गया। बारात के लिए बनाया गया खाना भी खराब हो गया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग थाने पहुंचे और शिकायत की।

नगर के मोहल्ला दूल्लावाला निवासी युवक शादी करने का झांसा देकर पड़ोसी मोहल्ले में रहने वाली रिश्तेदार की युवती की अस्मत से साल भर से खिलवाड़ कर रहा था। तीन दिन पहले युवक ने जब युवती के साथ निकाह करने से इंकार किया तो मामला कोतवाली पहुंच गया। कोतवाल अरविंद कुमार त्यागी ने युवती को न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। शहर इंचार्ज लवनिश चौधरी व दरोगा सुनील कुमार शर्मा ने आरोपी युवक के परिजनों को कोतवाली बुला लिया। वहां पर युवक पक्ष के लोगों ने युवती को कसूरवार ठहराने का प्रयास किया, तो पुलिस के तेवर सख्त हो गये। युवक पक्ष के साथ आये लोगों ने जब बताया कि तुम्हारे खिलाफ तहरीर दे दी गई है, तो वह चुप हो गये।

मामला नगर का होने के कारण काफी गणमान्य लोग भी कोतवाली पहुंच गये। वहां पर पुलिस की मौजूदगी में तय हुआ कि मंगलवार की रात ईशा की नमाज के बाद युवती का आरोपी युवक के साथ निकाह कराया जायेगा और एक साल के बाद उसको विदा किया जायेगा। दोनों पक्ष इस बात पर राजी हो गये। युवती पक्ष के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी बारात के आने का रात इंतजार कर रहे थे। लेकिन जब तय वक्त पर बारात नहीं पहुंची,तो युवती पक्ष के लोगों ने फोन किया तो उनके फोन बंद आ रहे थे। युवक के घर युवती पक्ष के लोग पहुंचे तो घर में ताला पड़ा हुआ था। यह सुनकर युवती पक्ष के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई।

बताया जा रहा है कि युवक व युवती के घर मेहमान भी आ गये थे। बारात के लिये बनाया गया खाना भी खराब हो गया। उसके बाद बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गये तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए तहरीर देकर न्याय करने की गुहार लगाई। दूल्हे द्वारा परिवार के साथ ताला लगा कर घर से फरार होने की चर्चा पूरे शहर में की जा रही है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: बरातियों को बंधक बना दूल्हे को बैरंग लौटाया

संबंधित समाचार