कानपुर : हिंसा के मुख्य आरोपित जफर हयात पर लगी रासुका, चार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई
कानपुर, अमृत विचार। नई सड़क पर 3 जून को हुई हिंसा और बवाल के मामले के कमिश्नरेट पुलिस व प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के मुख्य आरोपित जफर हयात हाशमी के खिलाफ रासुका लगा है, जबकि बाबा बिरयानी के मालिक मुख्तार बाबा, बिल्डर हाजी मो. वसी, डी-टू गैंग के अकील खिचड़ी और शफीक …
कानपुर, अमृत विचार। नई सड़क पर 3 जून को हुई हिंसा और बवाल के मामले के कमिश्नरेट पुलिस व प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के मुख्य आरोपित जफर हयात हाशमी के खिलाफ रासुका लगा है, जबकि बाबा बिरयानी के मालिक मुख्तार बाबा, बिल्डर हाजी मो. वसी, डी-टू गैंग के अकील खिचड़ी और शफीक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हुई है। सभी आरोपित जेल में हैं। एसआईटी की ओर से जांच जारी है। घटना के बाद से अब तक 62 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस बवाल की साजिश रचने में शामिल अन्य लोगों का नेटवर्क खंगाल रहे हैं।
बीते तीन जून को तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर में थे। यहां से उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति के गांव परौंख में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाना था। उसी दिन नमाज के बाद नई सड़क और उससे सटे क्षेत्रों में बवाल हो गया। दो पक्षों के बीच ईंट पत्थर चले, फायरिंग हुई और पेट्रोल बम तक फेंके गए। घटना में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 25 को चोटें आईं। पुलिस ने तीन एफआईआर कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
जांच में जफर हयात हाशमी और उसके अन्य साथियों को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। उस पर भाजपा नेता नुपूर शर्मा की ओर से की गई टिप्पणी के विरोध में बंदी की अपील करने का आरोप था। उसने कई वाट्ए एप ग्रुपों में संदेश भेजे थे। हालांकि आरोपित के परिजनों का कहना है कि उसने बंद की अपील को दो दिन पहले वापस ले लिया था।
पुलिस ने क्षेत्र में वीडियो फुटेज के आधार पर जगह जगह पोस्टर चस्पा किए, जिसके बाद 62 लोगों की गिरफ्तारी हुई। मामले की तह तक जाने के लिए एसआईटी का गठन हुआ। उनकी जांच में घटना के पीछे फंडिंग के साथ ही चंद्रेश्वर हाता खाली कराने की साजिश रची जाने की बात सामने आई। बाबा बिरयानी के मालिक मुख्तार बाबा, बिल्डर हाजी मो. वसी, डी-टू गैंग के अकील खिचड़ी और सफीक का नाम सामने आया। डीएम विशाख जी अय्यर ने बताया कि जफर हयात हाशमी के खिलाफ रासुका की कार्रवाई हुई है, जबकि पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने कहा कि मुख्तार अहमद उर्फ बाबा, हाजी मो. वसी, अकील खिचड़ी, शफीक के खिलाफ गैंगस्टर लगा है।
