बदायूं: गन्ने के खेत में मिला महिला का सड़ा गला शव
अमृत विचार, सहसवान। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के एक गांव के गन्ने के खेत में महिला का सड़ा गला शव मिला। हत्या करके महिला का शव फेंकने की आशंका जाहिर की जा रही है। शव के पास महिला की चप्पल, बाल, कपड़े और आपत्तिजनक वस्तु पड़ी मिली। कपड़ों को देखकर एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के …
अमृत विचार, सहसवान। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के एक गांव के गन्ने के खेत में महिला का सड़ा गला शव मिला। हत्या करके महिला का शव फेंकने की आशंका जाहिर की जा रही है। शव के पास महिला की चप्पल, बाल, कपड़े और आपत्तिजनक वस्तु पड़ी मिली। कपड़ों को देखकर एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के रूप में शव की शिनाख्त की। जिसे 10 दिन पहले उसका पति मायके से बुलाकर ले गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार को शाम के समय गांव हमूरपुर चमनपुरा के एक ग्रामीण ने गांव निवासी अच्छे मियां के गन्ने के खेत में सड़ा गला शव देखा। अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। शव लगभग पूरी तरह से सड़ चुका था। सूचना मिलने के बाद सहसवान के क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से पूछताछ की गई। महिला के शव की सूचना पर क्षेत्र के गांव बाजपुर निवासी आस मोहम्मद भी मौके पर पहुंचे।
शव के पास पड़े कपड़ों के आधार पर उन्होंने अपनी बेटी संजुम का शव बताया। आस मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि संजुम ने पड़ोस के गांव शाहपुर ताहरखेड़ा निवासी शायर पुत्र सरताज के साथ लगभग डेढ़ वर्ष पहले लव मैरिज की थी। कुछ दिनों के बाद संजुम और शायर में किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। जिसके चलते आस मोहम्मद संजुम को लेकर मायके आ गए थे। 10 दिन पहले संजुम का पति शायर उसे विदा कराकर ले गया था।
जिसके बाद से संजुम से उनका और उनके परिवार का संपर्क नहीं हुआ था। गुरुवार को किसी ने सूचना दी कि एक महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा है तो आकर देखा। शव को संजुम का ही बताते हुए संजुम के पति शायर पर हत्या करके शव फेंकने का आरोप लगाया। हालांकि अभी तहरीर नहीं दी गई है। शुक्रवार को मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म के बाद हत्या की है आशंका
महिला के सड़े गले शव के पास उसके कपड़े, चप्पल, टूटे हुए बाल के अलावा एक आपत्तिजनक चीज पड़ी मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या की गई होगी। घटनास्थल की स्थिति को देखकर यही अंदाज लगाया जा रहा है।
गांव चमनपुरा के गन्ने के खेत में महिला का शव सड़ी गली हालत में मिला है। शव को कब्जे में लिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी— संजीव कुमार शुक्ला, थाना प्रभारी सहसवान।
