लखनऊ: पहले भी भागीरथी अपार्टमेंट में जा चुकी थी छात्रा, आगंतुक रजिस्टर से हुआ खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली क्षेत्र के भागीरथी अपार्टमेंट में नर्स का शव बरामद होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पता चला है कि मृतका राशि (25) पूर्व में भी भागीरथ अपार्टमेंट में जा चुकी थी। अपार्टमेंट के आगंतुक रजिस्टर और सीसीटीवी रिकॉर्ड से इसका खुलासा हुआ है। विदित हो कि सुशांत …

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली क्षेत्र के भागीरथी अपार्टमेंट में नर्स का शव बरामद होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पता चला है कि मृतका राशि (25) पूर्व में भी भागीरथ अपार्टमेंट में जा चुकी थी। अपार्टमेंट के आगंतुक रजिस्टर और सीसीटीवी रिकॉर्ड से इसका खुलासा हुआ है। विदित हो कि सुशांत गोल्फ सिटी कोतवाली अंतर्गत अवध विहार योजना स्थित भागीरथी अपार्टमेंट के टॉवर-8 के समीप गत सोमवार को मेदांता अस्पताल की नव नियुक्त नर्स राशि का शव बरामद हुआ था।

वहीं टॉवर-8 की बिल्डिंग के 14वें तल पर राशि की चप्पलें बरामद हुई थीं। कपड़े फटे हुए थे और राशि के दोनों पैर टूटे हुए थे। सिर के पिछले हिस्से में चोट थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शॉक और ब्रेन हैम्रेज बताया गया था। मृतका के पिता की ओर से हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

फोन पर किसी को सहेली बताकर बात कर रही थी राशि

पुलिस को राशि के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट बरामद हुई है। जिसमें घटना के दिन भी राशि ने किसी से फोन पर बात की थी। जिसे वह अपनी सहेली बताती थी। हालांकि उक्त नंबर पर अब संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस बाबत पुलिस ने राशि के पिता से भी पूछताछ की है कि राशि भागीरथी अपार्टमेंट क्यों गई थी, पर परिजनों की ओर से अनभिज्ञता जताते हुए कोई जवाब नहीं दिया गया, न ही सहेली के बारे में कोई जानकारी दी गई।

आत्महत्या का अंदेशा, पर कारण पता नहीं

आलमबाग के भरतपुरी की रहने वाली राशि ने गत 21 जुलाई को ही मेदांता अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर ज्वाइन किया था। अबतक हुई जांच से अंदेशा जताया जा रहा है कि भागीरथी अपार्टमेंट में किराये पर फ्लैट देखने के लिए राशि गई थी। इसी दौरान उसने आत्महत्या की।

हालांकि परिजनों के अनुसार खुशमिजाज राशि के आत्महत्या करने का कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पा रहा है। साथ ही पर कई बिन्दुओं पर संशय बरकरार है। फ्लैट ही देखना तो अकेले क्यों गई, फोन पर किससे बात हो रही थी, आत्महत्या ही करनी थी तो चप्पल क्यों उतारी आदि। अधिकारियों की मानें तो पुलिस इस मामले में जल्द ही खुलासा कर सकती है।

नर्स का शव बरामद होने के मामले में कई जानकारियां मिली हैं। पुलिस हर बिन्दु पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा…राजेश श्रीवास्तव, एडीसीपी, लखनऊ दक्षिण।

यह भी पढ़ें:-कानपुर : अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से गिरकर महिला की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

संबंधित समाचार