मुरादाबाद : अब सात फेरों में भी धोखा, तीसरे दिन दुल्हन हुई फुर्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डिलारी, (मुरादाबाद) अमृत विचार। विवाह रचाकर पैसे ऐंठने वाले गैंग ने अब डिलारी के युवक को अपना शिकार बनाया है। इस बार ठगी करने वाला गैंग उत्तराखंड का है। स्थानीय युवक के साथ हरिद्वार में रहने वाले युवक ने ठगी की योजना बनाई और उसके सात फेरे भी करा दिए। ठगी का खुलासा तीसरे दिन …

डिलारी, (मुरादाबाद) अमृत विचार। विवाह रचाकर पैसे ऐंठने वाले गैंग ने अब डिलारी के युवक को अपना शिकार बनाया है। इस बार ठगी करने वाला गैंग उत्तराखंड का है। स्थानीय युवक के साथ हरिद्वार में रहने वाले युवक ने ठगी की योजना बनाई और उसके सात फेरे भी करा दिए। ठगी का खुलासा तीसरे दिन दुल्हन के मायके जाने पर हुआ। पीड़ित युवक के पिता ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।

डिलारी क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर खद्दर निवासी बुद्ध प्रकाश के बेटे अजय शर्मा की शादी के लिए गांव के युवक परीक्षित ने उससे बात की। तहरीर में बताया गया है कि ये लोग मेरे बेटे को हरिद्वार से आठ किमी पहले माता की मूर्ति के पास होटल में कार्यरत लाला के पास ले गए। उसने साठ हजार रुपये का खर्चा बताते हुए कहा कि वह शादी करा देगा। लाला ने पोखाड़ा पौड़ी गढ़वाल से ममता पुत्री राजेंद्र को बुलाकर लड़का व लड़की की मुलाकात करा दी। ममता और उसके भाई कालू ने भी मेरे बेटे को पसंद कर लिया। उसने साठ हजार रुपये दे दिए और 19 जुलाई को माता की मूर्ति के सामने दोनों का विवाह हो गया।

आरोप है कि शादी के तीन दिन बाद कालू अपने साथ एक युवक व दो महिलाओं को लेकर यहां आया। रात में इन लोगों ने कहा कि उनका बच्चा गिर गया है और उन्हें अभी जाना होगा। यह लोग ममता के साथ मेरे बेटे को भी लेकर मोटरसाइकिल से हरिद्वार के लिए चले गए। इन लोगों ने कांठ के पास बहाने से बेटे अजय को उतारा और बाइक दौड़ा दी। रात में कोई सवारी नहीं मिलने पर वह रात भर कांठ में सड़क किनारे ही रहा। इस दौरान उन्होंने ममता और उसके भाई को कई मर्तबा फोन किया, लेकिन कोई फोन रिसीव नहीं हुआ। उन्होंने इसे धोखाधड़ी और ठगी मानते हुए थाना प्रभारी को तहरीर दे दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

ये भी पढ़ें  : मुरादाबाद : दरोगा-सिपाही के खिलाफ एसपी सिटी करेंगे जांच, लापरवाही बरतने पर किया गया था निलंबित

संबंधित समाचार