वाराणसी: राखी के लिये 10 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे, डाक विभाग ने किया लांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। इस साल रक्षाबंधन 11 अगस्त को मनाया जाएगा। भाइयों को राखी बांधने और भेजने के लिए बहनों ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजारों में भी तरह तरह की राखियां आ चुकी हैं। इस बीच डाक विभाग ने भी बहनों की मुश्किलों को कम करने की कोशिश की है। डाक विभाग ने राखी भेजने …

वाराणसी। इस साल रक्षाबंधन 11 अगस्त को मनाया जाएगा। भाइयों को राखी बांधने और भेजने के लिए बहनों ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजारों में भी तरह तरह की राखियां आ चुकी हैं। इस बीच डाक विभाग ने भी बहनों की मुश्किलों को कम करने की कोशिश की है। डाक विभाग ने राखी भेजने के लिए इस बार वाटरप्रूफ लिफाफे लांच किये हैं। इन डिजाइनर लिफाफों की कीमत केवल दस रुपये रखी गई है।

वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने विशेष रुप से निर्मित रंगीन डिजाइनर वाटरप्रूफ राखी लिफाफों को शुक्रवार को यहां के प्रधान डाकघर में आयोजित एक कार्यक्रम में लांच किया। वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाराणसी, भदोही, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर व बलिया जिले के डाकघरों में यह लिफाफे बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि ये डिजाइनर राखी लिफाफे वाटर प्रूफ और सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत हैं। इससे बारिश के मौसम में भी बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सुदूर रहने वाले भाइयों तक सुरक्षित पहुंच सकेंगी। 11 सेमी X 22 सेमी आकार के इन राखी लिफाफों का कीमत केवल 10 रुपये रखी गई है। राखी भेजने के लिए डाक शुल्क इससे अलग रखा गया है।

वाटरप्रूफ लिफाफे के बाएं हिस्से के ऊपरी भाग में भारतीय डाक के लोगो और रक्षाबंधन की डिजाइन के साथ अंग्रेजी में राखी लिफाफा और नीचे दाहिने तरफ ‘हैप्पी राखी’ लिखा गया है। राखी लिफाफे के पीछे आजादी का अमृत महोत्सव और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश भी अंकित है।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि रंगीन और डिजाइनर होने की वजह से इन्हें अन्य डाक से अलग करने में समय की बचत होगी। इससे रक्षाबन्धन से पहले इन्हें बांटने में डाक विभाग को सहूलियत भी होगी। प्रवर डाक अधीक्षक श्री राजन राव और डाक अधीक्षक श्री पीसी तिवारी ने बताया कि यह लिफाफे तकरीबन सभी छोटे-बड़े डाकघरों पर भेजे जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-वाराणसी: काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी मस्जिद विवाद में आया नया मोड़, राखी सिंह ने लिया केस वापस

संबंधित समाचार