पीलीभीत: फजीहत के बाद प्रधान पुत्र की गिरफ्तारी, भेजा जेल
पीलीभीत, अमृत विचार। ब्लॉक में तैनात सचिव रुपेश कुमार पर हमला करने वाले प्रधान पुत्र की आखिरकार गिरफ्तारी कर ही ली गई। कई दिनों तक सचिवों के आंदोलन से हुई फजीहत के बाद अमरिया पुलिस ने सुधि ली और आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसे चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज …
पीलीभीत, अमृत विचार। ब्लॉक में तैनात सचिव रुपेश कुमार पर हमला करने वाले प्रधान पुत्र की आखिरकार गिरफ्तारी कर ही ली गई। कई दिनों तक सचिवों के आंदोलन से हुई फजीहत के बाद अमरिया पुलिस ने सुधि ली और आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसे चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
पूरनपुर के मोहल्ला बमनपुरी के निवासी सचिव रुपेश कुमार ने अमरिया थाने में एक मुकदमा धारा 147, 149,323,504,506,353,,352,,341 आईपीसी और सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत दर्ज कराया था। जिसमें प्रधान पुत्र फुलैइया गांव निवासी राजेंद्र कुमार, आकाश और चार अज्ञात आरोपी बनाए गए थे। बताया था कि 28 जुलाई को प्रधान अनोखी देवी, उनके बेटे राजेंद्र कुमार ने सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर के भुगतान को लेकर बातचीत की थी।
ड्यूटी निपटाने के बाद शाम को वह कार में सवार होकर अन्य सचिवों संग पीलीभीत के लिए रवाना हुए। नेशनल हाईवे पर एक पोलट्री फार्म के पास पहुंचते ही आरोपियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। कार से खीचंकर पिटाई की गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विवेचना में जुट गई थी। इस घटना के बाद सचिवों ने आंदोलन की राह पकड़ ली थी। दो दिन से विकास भवन परिसर में धरना दे रहे थे।
एक दिन पूर्व सीडीओ को ज्ञापन भी सौंपा। प्रधान पुत्र की गिरफ़्ताारी की मांग पर सचिव अड़े हुए थे। इसका असर भी दिखाई दिया। पुलिस हरकत में आई और अमरिया नहर पुल के पास से रविवार को आरोपी राजेंद्र कुमार की धरपकड़ कर ली गई। इंस्पेक्टर अमरिया कमलकांत वर्मा ने बताया कि आरोपी को चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें – पीलीभीत: भाकियू नेता बोले- किसानों को सरकार की नीतियों ने ठगा, दिया ज्ञापन
