कश्मीरी किशोर रामपुर से गायब, होटल मालिक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, रामपुर। जम्मू कश्मीर के कूपवाड़ा का रहने वाला 17 साल का किशोर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाइवे किनारे स्थित एक होटल में काम करता था। अचानक से गायब हो जाने के बाद किशोर के पिता ने बत्रा होटल के मालिक गुरमीत ,साजन और एक अज्ञात सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर …

अमृत विचार, रामपुर। जम्मू कश्मीर के कूपवाड़ा का रहने वाला 17 साल का किशोर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाइवे किनारे स्थित एक होटल में काम करता था। अचानक से गायब हो जाने के बाद किशोर के पिता ने बत्रा होटल के मालिक गुरमीत ,साजन और एक अज्ञात सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बेटे को तलाशते हुए पिता रामपुर पहुंचकर परेशान घूम रहा है। लेकिन बेटे का कोई पता नहीं है।

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तारथपुरा के गांव शेरकोट निवासी मुस्तफा पीर ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसका 17 साल का बेटा दानिश तीन मई को घर से गुस्सा होकर चला गया था। इस दौरान वह घर से पचास हजार रुपये लेकर चला आया था। उसके बाद परिजनों ने उसको काफी तलाश किया था, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था, लेकिन छह मई को एक अज्ञात नबंर से फोन आया कि उसका बेटा दिल्ली में एक कपड़े की दुकान पर काम कर रहा है।

कुछ दिनों के बाद जब उसी नबंर पर दानिश के पिता ने बेटे से बात करने के लिए फोन किया, तो वह टाल मटोल करता रहा। उसकी दानिश से बात तक नहीं कराई। वह काफी परेशान हो गया। इस बीच उनके मोबाइल नबंर पर फिर से एक काल पहुंची, जहां उसने बताया कि तुम्हारा बेटा दानिश हमारे बत्रा होटल पर रामपुर में काम कर रहा है। उसके बाद मुस्तफा पीर ने रामपुर में रहने वाले अपने परिजनों को वहां पर भेजा तो फोन करने वाले ने अपने साजन नाम बताया।

वह रोटी बनाने का काम करता है यह भी कहा था। उसी के चलते 23 जुलाई को जब वह होटल पहुंचा, तो बत्रा होटल के मालिक गुरमीत सिंह ने पूछताछ में बताया कि पांच मई से वह होटल पर कार्य कर रहा था, लेकिन तीस जून को उसको बस से आनंद बिहार के लिए बैठा दिया था, लेकिन पीड़ित के पिता का कहना था कि वह अभी तक घर नहीं पहुंचा है।

उसका कहना है कि सभी होटल मालिक और साजन झूठ बोल रहे हैं। इन लोगों ने उसको कहीं छुपा दिया है। उसके साथ अनहोनी की आंशका है। सिविल लाइन इंस्पेक्टर लव सिरोही का कहना है कि किशोर पिता की तहरीर के आधार पर होटल मालिक सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के बाद उसको तलाश किया जा रहा है।

हाइवे किनारे होटल और ढाबों पर काम कर रहे बाहरी किशोर
सारे नियम ताक पर रखकर हाइवे किनारे बने होटल और ढाबों पर 18 साल से कम उम्र के लोग काम कर रहे हैं। दिन भर अधिकारी वहां से गुजरते रहते हैं लेकिन कोई इन पर रोक नही लगा पा रहे हैं। वैसे दिन भर कानून सिखाते हैं। सिविल लाइन थाने के पास से लेकर पनवड़िया तक बने ढाबों और होटलों पर आस पास के जिलों के किशोर काम कर रहे हैं, जोकि इन होटलों पर बर्तन धोने से लेकर साफ सफाई तक का काम करते हैं, लेकिन श्रम विभाग के अधिकारी तक इन पर रोक नहीं लगा पा रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि श्रम विभाग के अधिकारी भी इसमे शामिल हैं।

स्वंय सेवी संस्थाए भी नहीं कर रहीं कार्रवाई
जिलाधिकारी की और से कई संस्थाएं गठित की गई हैं कि होटलों, ढाबों और ईट भट्टों पर काम करने वाले छोटे बच्चों को रोका जाए। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन संस्थाए भी काम नहीं कर रहीं है कागजों में खानापूर्ति कर रहीं है। होटल और कपड़ों की दुकानों,चाय की दुकानों पर 18 साल के कम उम्र के लोग काम कर रहे हैं। कचहरी गेट पर बने चाय के होटलों पर भी 18 साल से कम उम्र के बच्चे काम कर रहे है यह मासूम कचहरी में दिन भर अधिकारियों को चाय देने जाते है लेकिन वहां पर सारे कानून कायदें खत्म हो जाते हैं।

खुफिया विभाग भी हुआ फेल
देश के कई राज्यों से आने वाले लोगों की जानकारी रखने वाला खुफिया तंत्र के अधिकारी कचहरी में आकर दिन भर लोगों से बात करके चले जाते हैं जम्मू कश्मीर का एक 17 साल का बालक दो माह पहले गायब हो गया,लेकिन खुफिया तंत्र को इसकी जानकारी तक नहीं हैं। सिर्फ यह लोग कागजों में खानापूर्ति कर रहे है।

संबंधित समाचार