मुरादाबाद : चार जनप्रतिनिधियों को विकास की चिंता तो चार कर रहे मंथन
मुरादाबाद,अमृत विचार। चुनाव के दौरान जनता से लंबे-चौड़े वादे करने वाले माननीय अब विकास कार्य कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। प्रदेश सरकार ने करीब एक माह पहले ही विधायक व विधान परिषद सदस्य की निधि के करीब 12 करोड़ रुपये खाते में भेज दिए, ताकि विकास कार्यो का खाका तैयार हो सके। हालांकि …
मुरादाबाद,अमृत विचार। चुनाव के दौरान जनता से लंबे-चौड़े वादे करने वाले माननीय अब विकास कार्य कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। प्रदेश सरकार ने करीब एक माह पहले ही विधायक व विधान परिषद सदस्य की निधि के करीब 12 करोड़ रुपये खाते में भेज दिए, ताकि विकास कार्यो का खाका तैयार हो सके। हालांकि यह बात दीगर है कि अभी तक चार माननीयों ने कोई प्रस्ताव ही नहीं भेजा है। जिसमें से एक विधायक विकास कार्यो को चिन्हित करने का दावा कर रहे हैं।
जनपद में छह विधायकों के साथ-साथ दो विधान परिषद सदस्य है। जिसमें सिर्फ एक ही नगर विधायक भाजपा के है। जबकि पांच विधायक समाजवादी पार्टी के है और दोनों विधान परिषद सदस्य भाजपा के है। वैसे तो प्रदेश सरकार ने माननीयों की निधि की धनराशि तीन से पांच करोड़ कर दी है, लेकिन अभी कागजी कार्रवाई में समय लगेगा। जिले में होने वाले विकास कार्यो में रुक नहीं पाए, इसके लिए शासन ने निधि की पुरानी धनराशि के हिसाब से ही सभी माननीय को डेढ़-डेढ़ करोड़ निधि भेज दी है। निधि भेज हुए लगभग एक महीना हो चुका है।
लेकिन अभी जिले के सिर्फ चार माननीयों से ही अपने क्षेत्र में विकास कराने के लिए प्रस्ताव भेजे है। जिसमें जिले की विधान सभा कुंदरकी के विधायक जियाउर्रहमान बर्क, कांठ विधान सभा के विधायक कमाल अख्तर और विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त ने अभी तक विकास कार्यो के लिए प्रस्ताव नहीं मिले हैं। जबकि देहात विधान सभा से सपा विधायक हाजी नासिर कुरैशी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को चिह्नित करा रहे है। जबकि विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान ने सड़क निर्माण व सोलर लाइट, शहर विधायक रितेश गुप्ता ने 21 स्थानों पर प्याऊ,
ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान ने 94 ग्राम पंचायतों में हाई मास्क लाइट और बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम ने हाईमास्ट लाइट, प्याऊ और यात्री शेड का प्रस्ताव भेज दिया है।
हमारे द्वारा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और सोलर लाइटें लगवाने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र में विकास की गति बढ़ेगी। वहीं सोलर लाइटें लगने से रात के समय लोगों का घरों से निकलना आसान होगा। जल्द ही अन्य प्रस्ताव भी भेजे जायेंगे। -गोपाल अंजान, सदस्य विधान परिषद
हमने महानगर में 21 प्याऊ लगवाने के लिए प्रस्ताव दिया है। इससे महानगर में पीने के पानी की व्यवस्था दुरुस्त होगी। इसके अलावा हमने अपने प्रस्ताव में पांच सड़कें और विद्युतीकरण का काम भी शामिल किया है। -रितेश गुप्ता, नगर विधायक
मेरे द्वारा अपनी विधान सभा के 94 ग्राम पंचायतों में हाईमास्ट लाइटें लगाने का प्रस्ताव दिया है। एक लाइट की कीमत लगभग डेढ लाख रुपये है। लाइटों के लगने से ग्राम पंचायतों में रोशनी की व्यवस्था होगी। इससे रात के समय होने वाली अपराधिक वरदातों पर अंकुश लगेगा। -नवाब जान खां, विधायक ठाकुरद्वारा
मेरे द्वारा अपनी विधान सभा में 30 हाइमास्ट लाइटें लगाने के अलावा तीन प्याऊ और एक यात्री शेड बनवाने का प्रस्ताव दिया है। जल्द ही यह काम क्षेत्र में होने शुरू हो जा रहा है। इसके अलावा बची धनराशि के लिए भी प्रस्ताव भेजे जायेंगे। -मोहम्मद फहीम इरफान, विधायक बिलारी
हमारी देहात विधान सभा में सालों से विकास कार्ये नहीं हुए है। इसलिए हम अपनी विधान में होने वाले विकास कार्यों को चिह्नित कर रहे है। एक-दो दिन में विकास कार्यों को चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा जायेगा। -हाजी नासिर, विधायक देहात
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जर्जर स्कूलों में असुरक्षित नौनिहाल, ऑपरेशन कायाकल्प से भी अब तक नहीं सुधरे विद्यालयों के हालात
