बरेली: निकाय चुनाव नजदीक, जिला कांग्रेस कमेटी का कार्यालय बंद
बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव करीब है, लेकिन जिले में अस्तित्व की तलाश में लगी कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय को ही बंद कर दिया गया है। ऐसे में कार्यकर्ता भी असमंजस में हैं। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद ही शहामतगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से सामान धीरे-धीरे हटाए जाने लगा था। वहीं, महानगर अध्यक्ष …
बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव करीब है, लेकिन जिले में अस्तित्व की तलाश में लगी कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय को ही बंद कर दिया गया है। ऐसे में कार्यकर्ता भी असमंजस में हैं। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद ही शहामतगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से सामान धीरे-धीरे हटाए जाने लगा था। वहीं, महानगर अध्यक्ष अपने आवास पर ही बैठकों का आयोजन कर रहे हैं।
पार्टी नेताओं की गुटबाजी ही उसकी नैया डुबाने में लगी हुई है। राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम के सामने जिला और महानगर कमेटी में विवाद के चलते लात- घूसे चलने के बाद गुटबाजी भी सामने आ चुकी है। विधानसभा चुनाव में कोई प्रत्याशी 10 हजार से अधिक वोट हासिल नहीं कर पाया था। वहीं, अब जिला कांग्रेस कमेटी के शहामतगंज स्थित कार्यालय को बंद कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी सिरौली से ही जिला कमेटी का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में जिला कमेटी के पदाधिकारी शहर से 25 किमी से अधिक दूर जाने की जहमत नहीं उठा पा रहे हैं। वहीं, मठ की चौकी के पास खुले महानगर कमेटी के कार्यालय को भी बंद कर दिया गया है।
कुछ दिन के लिए कार्यालय बंद कर दिया गया है। सिरौली कैंप कार्यालय से ही चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। 15 अगस्त के बाद कार्यालय खोलकर समय दिया जाएगा।-मिर्जा अशफाक सकलैनी, जिलाध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिरौली से नगर पंचायत का चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए सिरौली से कैंप कार्यालय चलाया जा रहा है। शहामतगंज के कार्यालय में फिर से जिलाध्यक्ष बैठेंगे।- पंडित राज शर्मा, जिला प्रवक्ता
महानगर कांग्रेस कार्यालय को बंद नहीं किया गया है। एक दो कार्यक्रम निजी थे, वे घर पर आयोजित हुए थे। जल्द ही पार्टी कार्यालय पर बैठना शुरू किया जाएगा।- अजय शुक्ला, महानगर अध्यक्ष
ये भी पढ़ें- बरेली: पं. राधेश्याम और पूर्व उपराष्ट्रपति गोपाल स्वरूप पाठक की मूर्ति लगवाने की मांग
