शाहजहांपुर: जानवराें ने कर दी फसल नष्ट तो युवक ने फंदे पर लटकर कर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। खुदागंज क्षेत्र के गांव नौगवां मवइयां निवासी युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। उसका शव गांव के बाहर खेत किनारे पेड़ पर लटका मिला। मृतक के भाई का कहना है कि कर्ज लेकर लगाई गई धान की फसल जानवर चर गए, इसी तनाव में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। खुदागंज क्षेत्र के गांव नौगवां मवइयां निवासी युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। उसका शव गांव के बाहर खेत किनारे पेड़ पर लटका मिला। मृतक के भाई का कहना है कि कर्ज लेकर लगाई गई धान की फसल जानवर चर गए, इसी तनाव में आकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

थाना क्षेत्र के गांव नौगवा मवइयां निवासी राम कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई 37 वर्षीय निर्भान सिंह ने कर्ज लेकर दो बीघा जमीन में धान की फसल बोई थी। उसका भाई सुबह दस बजे खेत पर गया और देखा कि धान की फसल जानवर चर गए और कुछ फसल बर्बाद कर दी थी। उसने घर पर आकर बताया कि फसल तो जानवर चर गए और कर्ज का पैसा कैसे देंगे।

निर्भान सिंह इस बात से भावुक था और एक घंटे बाद खेत पर फिर चला गया। दोपहर बाद चार बजे गांव वालों ने खेत पर एक पेड़ से रस्सी से फंदे पर उसका शव लटका देखा। राम कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वह खेत पर गया और अपने भाई को पेड़ से लटका देखा। उन्होंने उसे तुरंत उतारा और स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए।

डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने भाई की मौत की खबर थाने पर दी। थाना प्रभारी मौके पर गए और मृतक के भाई से जानकारी की। थाना प्रभारी ने बताया कि कर्ज लेकर उसने धान की फसल बोयी थी और जानवर फसल खा गए थे। इसी से आहत होकर उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।