बरेली: लिंटर की शटरिंग में घपला, रात में निर्माण फिर भी मौके से एई-जेई थे गायब
बरेली, अमृत विचार। विकास कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश हर बैठकों में दिए जा रहे हैं, लेकिन अफसर-ठेकेदारों का गठजोड़ ऐसा है कि गुणवत्ता से समझौता करने में कोई कसर नहीं छूट रही। नगरिया परीक्षित में पांच करोड़ की लागत से बनाई जा रही पानी की टंकी की शटरिंग का कार्य …
बरेली, अमृत विचार। विकास कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश हर बैठकों में दिए जा रहे हैं, लेकिन अफसर-ठेकेदारों का गठजोड़ ऐसा है कि गुणवत्ता से समझौता करने में कोई कसर नहीं छूट रही। नगरिया परीक्षित में पांच करोड़ की लागत से बनाई जा रही पानी की टंकी की शटरिंग का कार्य एई व जेई की गैरमौजूदगी में ही ठेकेदार रात में ही अंजाम दे रहा था। शटरिंग गिर गई वरना काम तो पूरा हो ही गया था। जल निगम अफसरों की भी लापरवाही सामने आ रही है।
बिना इंजीनियरों की मौजूदगी में हो रहे शटरिंग कार्य में ठेकेदार की मनमानी सामने आने के बाद अब पूरा निर्माण संदेह के दायरे में आ गया है। माना जा रहा है कि पानी की टंकी के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा था। उसी का परिणाम है कि ठेकेदार बिना किसी भय के मनमानी कर रहा था। रात में शटरिंग का काम करवा रहा था। यही ठेकेदार कंजादासपुर में भी लगभग दो करोड़ का जल निगम का कार्य करा रहा है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता केके कटियार बताते हैं कि ठेकेदार से कहा गया था कि वह बुधवार को इंजीनियरों की मौजूदगी में शटरिंग का कार्य शुरू करे, लेकिन उसने रात में ही काम शुरू कर दिया। ठेकेदार का कहना है कि मोहर्रम की वजह से सुबह काम नहीं हो पाया। दो दिन बाद रक्षाबंधन था। लेबर चली जाती, इसलिए रात में काम लगा दिया था। बताया कि ठेकेदार को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है कि मना करने के बावजूद रात में शटरिंग का कार्य क्यों शुरू कराया। इस हादसे में तीन मजदूर ही घायल हुए थे। उपचार के बाद तीनों को शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
श्रम विभाग भी कराएगा जांच : उपश्रमायुक्त
क्षेत्रीय उपश्रमायुक्त दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में ठेकेदारों से कहा गया है कि वे मजदूरों को पंजीयन विभाग में कराएं। हादसे में घायल हुए मजदूरों की बात सामने आई है। विभाग से जांच दल मौके पर जाएगा। ठेकेदार ने मजदूरों का पंजीयन विभाग में कराया है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता की शिकायत पर भाजपा नेता पर रिपोर्ट दर्ज, जानें पूरा मामला
