लखीमपुर-खीरी: घर के दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पसगवां-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली पसगवां क्षेत्र के गांव पनई में शुक्रवार की रात घर के दरवाजे पर सो रहे 50 वर्षीय स्वामी दयाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। परिवार वालों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है। इससे हत्या की वजह साफ नहीं हो …

पसगवां-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली पसगवां क्षेत्र के गांव पनई में शुक्रवार की रात घर के दरवाजे पर सो रहे 50 वर्षीय स्वामी दयाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। परिवार वालों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है। इससे हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंचे एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों से जानकारी हासिल की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।

गांव पनई निवासी स्वामी दयाल के दो मकान हैं। गांव के बीच स्थित मकान में उनकी एक पुत्रवधू, पुत्री और दामाद रहता है, जबकि दूसरे मकान पर स्वामी दयाल अपने पुत्र अवनीश व अन्य परिवार वालों के साथ रहता था। मृतक की पुत्र वधू प्रीति ने बताया कि शुक्रवार की रात उसके ससुर स्वामी दयाल घर में दरवाजे के निकट खुले में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सभी सदस्य अन्दर सो रहे थे। रात करीब एक बजे गोली चलने की आवाज आई। इस पर परिवार वालों की नींद खुल गई।

मृतक का पुत्र अवनीश पिता के पास पहुंचा और आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उसने टार्च की रोशनी डाली तो देखा कि स्वामी दयाल खून से लथपथ चारपाई पर पड़े थे। उनके सीने पर गोली लगने का निशान था। यह देख परिवार में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार और गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और येलो टेप लगाकर से उसे सुरक्षित किया। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक के परिवारीजन व आसपास के लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की। मृतक के पुत्र व अन्य परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। न ही किसी से कोई झगड़ा आदि हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर दिए निर्देश
ग्रामीण की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना पर एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ मोहम्मदी अरविंद कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परिवार वालों और आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी ली, लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस को कोई ऐसे क्लू अभी नहीं मिले हैं, जिससे हत्या की वजह सामने आ सके। पुलिस कई बिंदुओं को शामिल कर अपनी जांच कर रही है।

मृतक के नाम सात वीघा दर्ज है जमीन
मृतक स्वामी दयाल के नाम कुल सात बीघा खेत है। घर की स्थित काफी खराब है। चार महीने पहले उसके घर में घर में आग लग गई थी, जिस कारण सभी को एक ही कमरे में गुजारा करना पड़ता है। घर का बाहरी हिस्सा कच्चा होने के साथ ही काफी जर्जर हो चुका है। सरकारी सुविधाओं के नाम पर महज शौचालय ही बना है।

15 वर्ष पहले स्वामी दयाल की पत्नी की भी बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। मृतक के तीन बेटे हैं । बड़ा बेटा विपिन प्राइवेट वाहन चलाकर परिवार की देखभाल करता है। अवनीश व देवा घर पर रहकर मजदूरी आदि करते हैं। बेटी खुशबू की शादी हो चुकी है। रक्षाबंधन का त्यौहार होने के चलते वारदात के दिन खुशबू भी घर पर ही मौजूद थी। कोई भी यह नहीं समझ पा रहा है कि आखिर क्यों स्वामी दयाल की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है ।

मृतक की बहू प्रीति की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।- निर्भय सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पसगवां

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार