लखनऊ: शहीद भगत सिंह वार्ड में सड़क व पानी के लिए तरस रहे लोग, आरोप बिना सुविधाओं के नगर निगम वसूल रहा टेक्स

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी लखनऊ का शहीद भगत सिंह वार्ड विकास के नाम पर काफी पिछड़ा हुआ है। क्षेत्र के निवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं सड़क,पानी,सीवर के लिए तरस रहे हैं। यहां की स्थित देखकर ही यहां रह रहे लोगों की समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। यहां की व्यवस्था के हिसाब से शहीद भगत सिंह …

लखनऊ। राजधानी लखनऊ का शहीद भगत सिंह वार्ड विकास के नाम पर काफी पिछड़ा हुआ है। क्षेत्र के निवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं सड़क,पानी,सीवर के लिए तरस रहे हैं। यहां की स्थित देखकर ही यहां रह रहे लोगों की समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।

यहां की व्यवस्था के हिसाब से शहीद भगत सिंह वार्ड को पिछड़े वार्डों की फेहरिस्त में रखा जाये तो गलत न होगा। इस इलाके में मिली-जुली जनसंख्या निवास करती है। अकेले मटियारी कंचन पुरवा की बात करें तो यहां पर करीब 35 हजार लोग निवास करते हैं। लेकिन सड़क व पानी की समस्या से परेशान है।

बताया जा रहा है कि इस वार्ड में अमराई गांव आंशिक, डूडा कॉलोनी,हरदासी खेड़ा, मटियारी, कान्तीपुरम, आदर्श नगर हिमसिटी,पीताम्बर विहार, फतेहपुरवा, आदि इलाके आते हैं। ज्यादातर निजी सोसाइटी की तरफ से इस इलाके में प्लाटिंग की गयी है। कुछ जगहों पर सड़कें है तो खराब हो चुकी है और कुछ जगहों पर तो सड़क है ही नहीं। बरसात के मौसम में सड़के तालाब का रूप ले लेती हैं। लोगों की माने तो आज भी इस वार्ड का 50 फीसदी क्षेत्र अविकसित है और यही कारण है कि जनता से जुड़ी हुई समस्याएं बहुत ही अधिक हैं।

कंचनपुर मटियारी के विजय कुमार बताते हैं कि इस इलाके में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सीवर डाला गया था,उसके बाद से समस्या विकराल होती गई। सीवर से तो जल निकासी हो नहीं रही है। सड़कें भी पूरी तरह टूट चुकी हैं।

छोटेलाल यादव बताते हैं कि न नाली न सड़क और न हीं सीवर,उस पर बिजली की समस्या का बरकरार होना जीना मुहाल कर रहा है। इन सब समस्याओं से छुटकारा दिलाने की बजाय नगर निगम के अधिकारी ज्यादा टेक्स जमा करने का आदेश सुनाते हैं,न जमा करने पर घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया जाता है। बिना सुविधाओं के टेक्स वसूला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह तो बानगी मात्र है,इलाके में जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते जायेंगे समस्याओं का अंबार दिखाई पड़ता जायेगा। बताया जा रहा है इस इलाके में सीवर पड़ा,तो लोगों को लगा की जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी,लेकिन सीवर ने ही समस्या बढ़ा दी, सीवर खुद सड़क पर बह रहा है। समस्या तो कम नहीं हुई बल्कि सड़क अलग खुद गयी। सड़क खराब होने से साफ-सफाई व्यवस्था भी हासिये पर है।

इलाके के निवासी मोहम्मद शमीम बताते हैं कि इस क्षेत्र में पानी की एक छोटी टंकी लगी है। उसका मोटर थोड़े दिन पहले जल गया था, स्थनीय पार्षद ने कोई सुनवाई नहीं की,हम लोगों ने अपने पास से मोटर सही कराई। ऐसे में यहां मिलने वाली जनसुविधाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हरदासी खेड़ा इलाके की स्थित भी कुछ कम खराब नहीं हैं,यहां बहुत कम ही जगहों पर पक्की सड़कें दिखाई पड़ेंगी। ज्यादातर इलाकों में बरसात के बाद केवल कीचड़ ही कीचड़ नजर आता है।

पढ़ें-अयोध्या नगर निगम के 60 वार्डों के परिसीमन की अधिसूचना जारी, मांगी आपत्तियां

संबंधित समाचार