गाजियाबाद : बर्थडे पार्टी के बहाने युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी हिरासत में
गाजियाबाद, अमृत विचार। महिलाओ के खिलाफ अपराध का ग्राफ यूपी में तेजी से बढ़ रहा है। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती रविवार को दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गई थी। इस बीच एक युवक उन्हें पास के ही कमरे में ले …
गाजियाबाद, अमृत विचार। महिलाओ के खिलाफ अपराध का ग्राफ यूपी में तेजी से बढ़ रहा है। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती रविवार को दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गई थी। इस बीच एक युवक उन्हें पास के ही कमरे में ले गया।
इसके बाद अपने दो साथियों को भी फोन कर बुला लिया। तीनों ने युवती से दुष्कर्म किया। मामले में युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
गोविंदपुरी स्थित एक कालोनी के व्यक्ति निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी के दोस्त का रविवार को जन्मदिन था। शाम के समय वह पार्टी में गई थी। आरोप है कि वहां एक युवक ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। इसके बाद उन्हें चक्कर आने लगे। आरोपित आराम कराने के बहाने उन्हें पड़ोस में ही एक कमरे में ले गया और उनके साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, आरोपित ने अपने दो साथियों को फोन कर वहां बुला लिया। उन्होंने भी युवती से दुष्कर्म किया। विरोध पर आरोपितों ने उन्हें पीटा भी। पिता के साथ थाने जाकर सोमवार सुबह आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। मामले में सीओ का कहना है कि दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें –बदलेगी अयोध्या की सड़कों की सूरत, योगी सरकार ने जारी की 107 करोड़ की पहली किश्त
