शाहजहांपुर: खाने के रुपये मांगने पर सिपाहियों ने ढाबे पर काटा गदर, स्टाफ से की गाली-गलौज
अमृत विचार, शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र में एक ढाबे पर शराब के नशे में धुत दो सिपाहियों ने अपने एक पूर्व प्रधान साथी के साथ मिलकर खूब गदर काटा। आरोप है कि ढाबा संचालक के बेटे और स्टाफ के साथ बदसलूकी की। जेब में रखे बिक्री के रुपए भी निकाल लिए। पीड़ित ढाबा संचालक ने मामले …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र में एक ढाबे पर शराब के नशे में धुत दो सिपाहियों ने अपने एक पूर्व प्रधान साथी के साथ मिलकर खूब गदर काटा। आरोप है कि ढाबा संचालक के बेटे और स्टाफ के साथ बदसलूकी की। जेब में रखे बिक्री के रुपए भी निकाल लिए। पीड़ित ढाबा संचालक ने मामले की तहरीर दी है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में समझौता हो गया है। जबकि ढाबा संचालक ने कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से मामले की शिकायत किए जाने की बात कही है।
खुदागंज के मोहल्ला साहूकारा निवासी रोहित सिंह आरएसएस कार्यकर्ता हैं। ढाबा संचालक रोहित ने बताया कि वह निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रीपुर स्थित चौहान ढाबे को किराए पर लेकर चलाते हैं। 16 अगस्त की रात को उनका बेटा ढाबे पर मौजूद था। उसी दौरान नशे में धुत दो सिपाही अपने एक साथी पूर्व प्रधान के साथ उनके ढाबे पर पहुंचे।
वहां उन लोगो ने खाना खाया। खाना खाने के बाद वह लोग वहां से चलने लगे, काउंटर पर बैठे बेटे ने खाने के रुपये मांगे। आरोप है कि इस बात से खफा दोनों सिपाही अभद्रता कर गालियां देने लगे। आरोप है कि सिपाहियों ने उनके बेटे से रंगदारी मांगी और उसके जेब में रखे बिक्री के 4,500 रुपये जबरन निकाल लिए।
ढाबा संचालक के बेटे ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बताई तो उन्होंने सिपाही से बात की। उसने रुपये नहीं देने की बात कही।आरोप है कि सिपाही और उनके साथी पूर्व प्रधान ने रोहित सिंह से फोन पर गाली गलौज की। इस दौरान सिपाहियों ने स्टाफ के लोगों को बंधक बनाकर उनकी वीडियो बनाई तथा उनके साथ भी गाली गलौज कर उन्हे भगाकर ढाबा बंद करवा दिया।
रोहित सिंह का आरोप है कि यह तीनों आए दिन ढाबे पर आकर रंगदारी मांगते हैं न देने पर हंगामा करते हैं। जिसके चलते उसने ढाबा भी बंद कर दिया। ढाबा संचालक ने नामजद तहरीर दी, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी है। घटना में दो सिपाहियों का नाम आने पर पुलिस एफआईआर दर्ज करने से पीछे हट रही है।
घटना के बाद अगले दिन थाने पर इंस्पेक्टर ने घटना को स्वीकार करते हुए उन्हें खाने के 805 रुपये दिलवा दिए लेकिन इस संबंध में कोई समझौता नहीं हुआ है, अभद्रता और गाली-गलौज करने वाले सिपाहियों पर कार्रवाई के संबंध में वह शुक्रवार को एसपी से मिलेंगे—रोहित सिंह, ढाबा संचालक।
ढाबा पर हुए विवाद मामले में दोनों पक्षों का समझौता करा दिया गया है, अब इसमें कोई विवाद वाली बात नहीं रह गई है—रविंद्र सिंह सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक।
