झांसी: फर्जी नियुक्तिपत्र से नौकरी हासिल करने वाली शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शिक्षा विभाग में फर्जीवाड़ा कर नौकरी हासिल करने का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। नकली नियुक्ति पत्र दिखाकर सरकारी स्कूलों में नौकरी कर रही दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जनपद के मऊरानीपुर और गरौठा थानाक्षेत्र में दो शिक्षिकाओं और तीन शिक्षकों के …
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शिक्षा विभाग में फर्जीवाड़ा कर नौकरी हासिल करने का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। नकली नियुक्ति पत्र दिखाकर सरकारी स्कूलों में नौकरी कर रही दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जनपद के मऊरानीपुर और गरौठा थानाक्षेत्र में दो शिक्षिकाओं और तीन शिक्षकों के नाम इस तरह के फर्जीवाड़े में सामने आये हैं।
मऊरानीपुर के राजकीय बालिका हाईस्कूल वीरा और राजकीय बालिका हाईस्कूल बम्होरी सुहागी के स्कूलों की प्रधानाध्यापकों ने मऊरानीपुर थाने में अपने अपने स्कूलों में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत शिक्षिकाओं द्वारा फर्जी नियुक्तिपत्र दिखाकर नौकरी करने की शिकायत दर्ज करायी गयी।
अमृता कुशवाहा वीरा के सरकारी स्कूल में हिंदी सहायक अध्यापक के रूप में कार्य कर रही थी जबकि मैनवती बम्होरी सुहागी में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थी। दोनों ही के खिलाफ उनके स्कूल की प्रधानाध्यापकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर शिकायत दर्ज करायी।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों अध्यापिकाओं को हिरासत में लेकर जांच की तो जांच में उनके द्वारा दिये गये दस्तावेज फर्जी पाये गये और ज्ञात हुआ कि शासन की ओर से कोई भर्ती नहीं की गयी थी। झांसी जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच के बाद प्रधानाध्यापकों को दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के निर्देश दिये। दोनों आरोपी शिक्षिकाओं के खिलाफ मऊरानीपुर थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
इसी प्रकार गरौठा थानाक्षेत्र के खरौडा हाईस्कूल में भी तीन शिक्षकों पर फर्जीवाड़े के अंतर्गत कार्रवाई की गयी है। तीनों को ही पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। यह तीनों आजमगढ़ के बताये जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इन मामलों के सामने आने के बाद झांसी में सरकारी स्कूलों में फर्जी दस्तावेजों दिखा नौकरी दिलाने वाले गैंग का पर्दाफाश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:-Agniveer Bharti Rally: फर्जी दस्तावेज का उपयोग करते पकड़े गए 14 उम्मीदवार, भेजे गए जेल
