मुरादाबाद : साढ़े दस बजे स्कूल में लटका मिला ताला, बीईओ ने सभी को किया अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के नगर क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी नगर सुरेंद्र सिंह के निरीक्षण में उजागर हुई। प्राथमिक विद्यालय धीमरी में सुबह 10.30 बजे तक गेट पर ताला बंद था। खंड शिक्षाधिकारी ने पूरे स्टाफ को एक दिन अनुपस्थित करते हुए वेतन काटने की संस्तुति कर …

मुरादाबाद,अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के नगर क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी नगर सुरेंद्र सिंह के निरीक्षण में उजागर हुई। प्राथमिक विद्यालय धीमरी में सुबह 10.30 बजे तक गेट पर ताला बंद था। खंड शिक्षाधिकारी ने पूरे स्टाफ को एक दिन अनुपस्थित करते हुए वेतन काटने की संस्तुति कर दी। वहीं एक अन्य स्कूल में शिक्षामित्र और अनुदेशक नदारद मिले। मनमानी करने वालों को चेतावनी देकर वेतन व मानदेय काटने की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र सुरेंद्र सिंह शनिवार को कम्पोजिट विद्यालय मझोला में सुबह 8:25 मिनट पर पहुंचे। निरीक्षण के समय विद्यालय की इंचार्ज शिक्षिका अलका सिक्का मेडिकल अवकाश पर पाई गईं। विद्यालय की अंशकालिक अनुदेशक सुनयना मल्होत्रा और शिक्षामित्र कविता रानी अनुपस्थित मिलीं। अनुदेशिका वर्षा रानी का बिना ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी दर्शाया गया था। स्कूल में अव्यवस्था रही। बीईओ ने अनुपस्थितों का एक दिन का मानदेय रोकने के लिए कहा।

इसके बाद 9.30 बजे उन्होंने प्राथमिक विद्यालय जयंतीपुर का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक शाहिद रजा उपस्थित थे। शिक्षिका दीप्ति उपाध्याय अवकाश पर थीं। शिक्षा मित्र सायरा बी बिना किसी सूचना के हस्ताक्षर करके विद्यालय से नदारद थीं। बीईओ के पूछने पर बच्चों ने बताया कि इस समय तक कोई शिक्षण कार्य नहीं कराया गया है। ब्लैक बोर्ड पर 18 तारीख ही लिखा मिलने पर उन्होंने माना कि विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। व्यवस्था ठीक नहीं है। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के चलते सभी को नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की। इसी क्रम में वह प्राथमिक विद्यालय मैनाठेर में सुबह 10 बजे पहुंचे। प्रभारी इंदु वार्ष्णेय बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। फोन करने के बाद वह विद्यालय आईं तो उन्होंने बीएलओ ड्यूटी करने की जानकारी दी। लेकिन विद्यालय समय में ऐसा करने पर बीईओ ने उनको नोटिस जारी किया।

प्राथमिक विद्यालय धीमरी में हद दर्जे की लापरवाही मिलने पर खंड शिक्षाधिकारी हैरान हो गए। जब वह 10:30 बजे विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे तो विद्यालय बंद था, गेट पर ताला लटका मिला। विद्यालय में कार्यरत सभी को दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने के लिए आदेश दिया। उन्होने बताया कि निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। इसकी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दे दी है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ‘सूचना क्रांति के जनक थे राजीव गांधी’, कांग्रेसियों ने किया गोष्ठी का आयोजन

संबंधित समाचार