डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का दावा- भाजपा सरकार सभी वर्गों के लिये कर रही निरंतर काम
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को दावा किया कि केन्द्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार सभी वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बस्ती में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र तथा …
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को दावा किया कि केन्द्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार सभी वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बस्ती में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार से समाज के सभी वर्ग खुश हैं।
बतौर स्वास्थ्य मंत्री प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी कहीं नहीं है। वेंटीलेटरों को सक्रिय किया जा रहा है। कोरोना काल के बाद से कहीं भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होने पाई है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं ऐसी समस्या आई है तो उसका त्वरित समाधान हुआ है। चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार पहल कर रही है। शीघ्र ही उसकी भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा सेवा के लिए प्राथमिकता से निरंतर कार्य कर रही है।
पाठक ने बताया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त है। प्रदेश से अपराधी या तो पलायन कर गये हैं या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय समीक्षा बैठक में बस्ती जनपद के विकास कार्यों के संबंधों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से वार्ता करने के बाद यहां की मूलभूत सुविधाओं को दूर करने का प्रयास शीघ्र किया जाएगा।
बस्ती जनपद को नंबर वन जनपद बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पाठक ने बताया कि केंद्र की मोदी तथा प्रदेश की योगी सरकार किसानों की हितैषी है। बारिश कम होने के कारण जिन जनपदों में सूखे की स्थिति है, उनको सूखा ग्रस्त जनपद घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत बस्ती जनपद को विकास की ओर आगे बढ़ाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति में लापरवाही बरतने पर उसे निलंबित करने के लिए जिला अधिकारी को निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें:-बस्ती: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक कल अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
