बदायूं: पालिका टीम से नोकझोंक के बाद सड़क पर बैठे व्यापारी, नारेबाजी
बदायूं, अमृत विचार। शहर में गोपी चौक पर उस वक्त हंगामा शुरू हो गया जब पालिका प्रशासन की टीम दुकानों की नपत करने पहुंची। नपत कर रहे कर्मचारियों का व्यापारियों ने विरोध किया तो कर्मचारियों से नोकझोंक शुरू हो गई। नोकझोंक के बाद सभी व्यापारी एकजुट होकर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गोपी …
बदायूं, अमृत विचार। शहर में गोपी चौक पर उस वक्त हंगामा शुरू हो गया जब पालिका प्रशासन की टीम दुकानों की नपत करने पहुंची। नपत कर रहे कर्मचारियों का व्यापारियों ने विरोध किया तो कर्मचारियों से नोकझोंक शुरू हो गई। नोकझोंक के बाद सभी व्यापारी एकजुट होकर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गोपी चौक पर ही बीच रोड पर बैठ गए। उन्होंने पालिका प्रशासन पर किराया बढ़ाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इससे बाजार में जाम की स्थिति बन गई। व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने व्यापारियों को समझाकर रोड से हटाया। इसके बाद व्यापारी पालिका सभागार में पहुंचे, जहां चेयरमैन दीपमाला गोयल ने उनको समझाकर शांत कराया। चेयरमैन ने कहा कि दुकानों का डाटा आनलाइन करने के लिए नपत कराई जा रही है। उन्होंने किराया न बढ़ाए जाने का अश्वासन दिया तब जाकर व्यापारी शांत हुए।
नगर पालिका प्रशासन शहर में मौजूद पालिका की दुकानों का किराया बढ़ाने की बात काफी समय से कर रहा है। हर बोर्ड की बैठक में किराया बढ़ाने की बात कही जाती है। इससे व्यापारी वर्ग पालिका प्रशासन के खिलाफ आक्रोशित होता जा रहा है। इसी बीच शनिवार को नगर पालिका प्रशासन की टीम गोपी चौक के पास बनी दुकानों की नपत करने पहुंची तो व्यापारी आक्रोशित हो गए। सभी ने एकजुट होते हुए कहा कि पालिका प्रशासन दुकानों की नपत के आधार पर ही किराया बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
कुछ व्यापारियों ने कहा कि पालिका ने अंदरखाने दुकानों का किराया बढ़ा दिया है। इसके बाद व्यापारियों ने पालिका टीम की कार्रवाई को गलत बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। पालिका प्रशासन की टीम और व्यापारियों के बीच नोकझोंक बढ़ी तो व्यापारी आक्रोशित होते हुए गोपी चौक के पास रोड पर बैठ गए। इसके बाद उन्होंने पालिका के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
व्यापारियों का कहना था कि वह वैसे ही मंदी के दौर से गुजर रहे हैं, व्यापार भी सही नहीं चल रहा है, इसके बाद भी पालिका प्रशासन ने किराया बढ़ाकर उनपर आर्थिक भार डाला है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन जान बूझकर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। इधर, भीड़भाड़ वाले प्रमुख बाजार की मुख्य सड़क पर व्यापारी बैठे तो वहां पर जाम लग गया।
इसी दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद एसएसपी को किसी ने सूचना दी कि व्यापारियों ने रोड जाम कर दिया है तो एसएसपी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने कहा कि इस तरह से विरोध प्रदर्शन नहीं होना चाहिए जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि वह चेयरमैन से जाकर वार्ता करें।
एसएसपी के समझाने पर व्यापारी शांत हो गए। इसके बाद सभी व्यापारी नगर पालिका परिषद पहुंचे जहां पालिका सभागार में काफी देर तक चेयरमैन से वार्ता चलती रही। चेयरमैन ने कहा कि किसी भी दुकान का किराया नहीं बढ़ाया गया है यह बात सुनकर व्यापारी शांत हुए। व्यापारियों ने चेयरमैन से कहा कि अगर किसी भी तरह की किराए में बढ़ोत्तरी की गई तो वह सड़कों पर आकर आंदोलन करेंगे।
नगर पालिका की दुकानों का डाटा आनलाइन फीड होना है। इस वजह से टीम दुकानों की नपत करने गई थी। व्यापारी किराया बढ़ाने की गलतफहमी में थे। उन्होंने प्रदर्शन शुरू किया तो जानकारी मिलते ही उनको पालिका परिषद में बुलाया गया। इसके बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि पालिका की ओर से किराया नहीं बढ़ाया गया है। व्यापारी हमारी बात सुनने के बाद शांत हो गए— दीपमाला गोयल, चेयरमैन।
