टीम-9 की बैठक में बोले सीएम योगी- महिला और बाल अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाय
अमृत विचार ब्यूरो/ लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला और बाल अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाय। उन्होंने कहा कि ऐसे विषय संवेदनशील होते हैं, इसलिए प्राथमिकता के साथ निस्तारण होना जरूरी है। मुख्यमंत्री मंगलवार को लोकभवन में टीम-9 की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ …
अमृत विचार ब्यूरो/ लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला और बाल अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाय। उन्होंने कहा कि ऐसे विषय संवेदनशील होते हैं, इसलिए प्राथमिकता के साथ निस्तारण होना जरूरी है। मुख्यमंत्री मंगलवार को लोकभवन में टीम-9 की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महिला व बाल अपराध के लंबित मामलों की समीक्षा करें। अभियोजन प्रभावी हो, इसके लिए ठोस प्रयास किया जाय। एक भी अपराधी न छूटने पाये।
इस मौके पर उन्होंने कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण की नीति के सफल क्रियान्वयन से प्रदेश में कोविड संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। कोविड संक्रमण से बचाव के लिए टीके की ‘अमृत डोज’ (प्रिकॉशन डोज) दी जा रही है। पिछले रविवार 19 लाख से अधिक लोगों ने बूस्टर डोज का लाभ लिया। प्रदेश में अब तक दो करोड़ से अधिक लोगों ने बूस्टर डोज लगवा ली है। उन्होंने बूस्टर डोज अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 561 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 389 व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 4,463 है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में अनेक बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों का समय से ओपीडी में बैठना सुनिश्चित किया जाय। कहीं से भी कोई शिकायत मिले तो तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाय।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: महिला एवं बाल अपराध के मामले में 29 अभियुक्तों को मिला आजीवन कारावास
