बरेली: लम्पी रोग से निपटने के लिए मंडल में हाई अलर्ट, पशुओं के मेले पर लगी रोक
बरेली,अमृत विचार। पशुओं में फैल रहे लम्पी स्क्रिन रोग को लेकर आज उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा लम्पी स्क्रिन रोग गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में फैलने वाली विषाणु जनित रोग है, जोकि कतिपय मक्खी, मच्छर आदि …
बरेली,अमृत विचार। पशुओं में फैल रहे लम्पी स्क्रिन रोग को लेकर आज उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा लम्पी स्क्रिन रोग गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में फैलने वाली विषाणु जनित रोग है, जोकि कतिपय मक्खी, मच्छर आदि से फैलता है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सीमावर्ती राज्यों राजस्थान, हरियाणा आदि से प्रदेश के पश्चिमी 15 जनपदों में संक्रमण हुआ है। इस रोग से अभी तक प्रदेश के 563 ग्रामों में 5832 पशु प्रभावित हुए है। वर्तमान में प्रदेश के अलीगढ़ , सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा एवं बरेली मण्डल के 15 जनपदों में लम्पी स्किन डिसीज से गौवंश के प्रभावित होने की सूचना प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि इस संक्रामक रोग से प्रदेश में पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ने को दृष्टिगत रखते हुए पश्चिम से पूर्व की ओर जा रहे पशुओं को हाइवे, चेकपोस्टों आदि पर निगरानी करते हुए रोका गया है। साथ ही परिवहन पर प्रतिबन्ध लगाया गया है। जिस पर जिलाधिकारी के नेत्रत्व में प्रभावी नियंत्रण किया जायेगा। प्रदेश में अग्रिम आदेशों तक गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का कोई भी हाट व मेला इत्यादि के आयोजन पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संक्रमित गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं के उपचार हेतु पशु पालन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक उपचार एवं टीका आदि के सम्बन्ध में समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। संक्रमित पशुओं के आइसोलेशन, पशु चिकित्सकों को निर्देशों तथा प्रोटोकाल के अन्तर्गत निस्तारण की कार्रवाई विशेष सतर्कता बरतते हुए सावधानी एवं संवेदनशीलता से अमल में लाई जाएगी।
इसके अलावा यह भी कहा कि विषय की संवेदनशीलता के दृष्टिगत जनपदों में उक्त दिशा निर्देशों के अनुपालन तथा कानून व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी। पशुपालन विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को यांचित सहयोग भी प्रदान किया जायेगा। प्रदेश में 26 अगस्त 2022 से 3 सितम्बर 2022 तक मिशन मोड में विशेष अभियान चलाया जायेगा। साथ ही 1750000 वैक्सीन की आकस्मिक व्यवस्था कर ली गई है। प्रदेश में कन्ट्रोलरूम स्थापित किया गया है जिस पर पशुओं के रोग से सम्बन्धित सभी सूचनायें दी जा सकती हैं । साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- भूपेंद्र चौधरी बने यूपी बीजेपी अध्यक्ष, पार्टी हाईकमान ने लिया निर्णय
