बरेली: आदेश और निर्देश में फंस कर बंद रहा गांधी उद्यान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से अनलाक-1 की गाइडलाइन जारी आने के बावजूद भी आम जनता के लिए पार्कों को नहीं खोला गया। शहर के मुख्य पार्कों में शामिल गांधी उद्यान में सोमवार को कुछ के लोग ही घुस सके। शाम को लोग जब टहलने के लिए गांधी उद्यान पहुंचे तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों …

बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से अनलाक-1 की गाइडलाइन जारी आने के बावजूद भी आम जनता के लिए पार्कों को नहीं खोला गया। शहर के मुख्य पार्कों में शामिल गांधी उद्यान में सोमवार को कुछ के लोग ही घुस सके। शाम को लोग जब टहलने के लिए गांधी उद्यान पहुंचे तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि पार्क को अभी खोला नहीं गया है। पार्क के बाहर पुलिस तैनात रही।

शासन ने 31 मई की शाम को नई गाइडलाइन जारी करते हुए कहा था कि 1 जून से पार्कों को खोल दिया जाएगा। गांधी पार्क पर लोग इस उम्मीद के साथ आए कि यहां पहले की तरह टहलेंगे लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया। शाम को भी यहां पुलिस तैनात रही। पुलिस ने लोगों को अंदर घुसने से मना कर दिया।

आम लोग अंदर नहीं जा सके जबकि सादा कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मी अंदर टहलने के लिए अंदर जरूर गए। इससे आहत लोगों जब यहां तैनात पुलिस कर्मियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि स्टाफ अंदर जा सकता है। आम जनता के लिए पार्क बंद है।

लोगों ने गाइडलाइन के बारे में बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग व सेनेटाइजेशन उपायों के साथ सुबह में 5 से 8 बजे तक और शाम को भी 5 से 8 बजे तक पार्कों को खोलने की अनुमति सरकार ने दी है। लेकिन पुलिस वालों ने साफ कह दिया कि उनके पास ऐसा कोई आदेश नहीं आया है।

कुछ पा गए अंदर प्रवेश
गांधी उद्यान में दोपहर में पुलिस का पहरा कुछ हल्का हुआ तो घूमने आए लोग वहां घुस गए और पार्क में टहलते रहे। सुबह भी कुछ के लोग ही अंदर घुस पाए। लेकिन पार्क में उस तरह की रौनक नहीं दिखी जो आम दिनों में दिखती थी। गांधी उद्यान में आम दिनों में सुबह-शाम काफी लोग टहलने आते थे। दर्जनों लोग ऐसे हैं जो सालों से यहां टहलने आते हैं।

नगर निगम की तरफ से सोमवार की शाम तक कोई भी आदेश गांधी उद्यान को खोलने का नहीं मिला। इसलिए सोमवार को गांधी उद्यान नहीं खुलवाया गया। आदेश मिलते ही पार्क को खुलवा दिया जाएगा।
गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर कोतवाली

अनलाक की जारी गाइड लाइन में पार्कों के खोलने का आदेश हैं। इसके लिए अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया जाना है। अब पार्कों में जाने में निगम की तरफ से कोई रोक नहीं है। अगर पुलिस रोक रही है तो गलत है।
– अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त

संबंधित समाचार