संभल: मकान पर कब्जे की नीयत से पथराव, चार राहगीरों सहित पांच घायल
संभल, अमृत विचार। दबंगों ने गुरुवार को पड़ोसी की छत पर चढ़कर मकान पर कब्जा करने की नीयत से पथराव कर दिया, जिसमें चार राहगीरों सहित पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आठ नामजद व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह लोगों …
संभल, अमृत विचार। दबंगों ने गुरुवार को पड़ोसी की छत पर चढ़कर मकान पर कब्जा करने की नीयत से पथराव कर दिया, जिसमें चार राहगीरों सहित पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आठ नामजद व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पथराव होने का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुन्नौर के मोहल्ला जुलेपुरा निवासी रामभूप उर्फ रामू पुत्र डालचंद ने गुरुवार को बताया कि उसकी तहसील मार्ग पर मकान व दो दुकानें हैं। करीब दस वर्ष पहले मकान तहेरे भाई सुभाष पुत्र मुरली को रहने के लिए दिया था। उसने तीन माह पहले 28 लाख रुपये लेकर मकान को 64 लाख रुपये में बेचकर फर्जी तरीके से थाना क्षेत्र के गांव केल निवासी नबाब शाह व उसकी पत्नी अकीला बेगम के नाम बैनामा करा दिया था।
गुरुवार की सुबह नबाब शाह अपने साथियों को लेकर मोहल्ला में पहुंचा और कब्जा करने की नियत से दुकान में अपना ताला लगा दिया। ताला लगाने का विरोध करने पर जान से मारने की नियत से मुवीन पुत्र मजीद के मकान पर चढ़कर सभी लोग पथराव करने लगे।
पथराव होने से मोहल्ला में हड़कंप मच गया और रास्ते से गुजर रहे चार लोगों सहित पीड़ित पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसका किसी व्यक्ति ने विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने नबावशाह पुत्र हफीजुल्लाह, मुवीन पुत्र मजीद, नौशाद पुत्र मुवीन, इमरान शाह, पप्पू, अफजाल, इरफान, फुरकान और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र पाल पूनिया ने बताया कि 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : पति को मिला तपस्या का परिणाम, भूपेंद्र चौधरी की पत्नी बोली परिवार से ज्यादा पार्टी को दिया समय
