संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान को पहुंचाई मदद, अन्य राष्ट्र भी आएंगे आगे
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मरने वालो की संख्या बढ़कर एक हजार से ज्यादा हो गई है। रविवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 119 लोगों की मौत हुई …
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मरने वालो की संख्या बढ़कर एक हजार से ज्यादा हो गई है। रविवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 119 लोगों की मौत हुई है। पाकिस्तान ने वर्षा जनित आपदा से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद मांगी थी। कई देशों ने मदद पहुंचाने का ऐलान किया है। वहीं पाकिस्तान की मदद के लिए सबसे पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दरियादिली दिखाई है। यूएई ने तीन हजार टन खाद्य सामग्री, चिकित्सा आपूर्ति और तंबू भेजे हैं।
कई देश मदद के लिए बढ़ाए हाथ
बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र 30 अगस्त को पाकिस्तान को 16 करोड़ डॉलर की सहायता जारी कर सकता है। ब्रिटेन ने भी सहायता के लिए 15 लाख पौंड देने की घोषणा की है। मुस्लिम देशों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्की और ईरान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से टेलीफोन पर बात कर सहायता देने की पेशकश की है। संयुक्त अरब अमीरात की डब्ल्यूएएम समाचार एजेंसी के अनुसार, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान ने पाकिस्तान को तत्काल सहायता जारी करने का आदेश दिया है। यूएई ने तीन हजार टन खाद्य सामग्री, चिकित्सा आपूर्ति और तंबू आदि भेजे हैं।
14 जून से लगातार हो रही है भारी बारिश
पाकिस्तान में 14 जून से लगातार भारी बारिश हो रही है जिसके कारण आई बाढ़ से स्थिति भयावह हो चुकी है। देश के दक्षिण तथा दक्षिण पश्चिम क्षेत्र के मैदानी इलाके जलमग्न हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने रविवार को पिछले 24 घंटों में 119 लोगों की मौत हाने की पुष्टि की है। एनडीएमए ने कहा कि पाकिस्तान में अब तक 1,033 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,527 लोग घायल हुए हैं।
बाढ़ आपदा में प्रभावित शहर
प्राधिकरण ने कहा कि गत एक दिन में सर्वाधिक संख्या में लोगों की मौत सिंध प्रांत में हुई। यहां 76 लोगों की जानें जा चुकी हैं। देशभर में पिछले 24 घंटों में बाढ़ जनित घटनाओं के कारण 71 लोग घायल हो गए हैं। सिंध में अब तक 347, बलूचिस्तान में 238, खैबर पख्तूनख्वा में 226, पंजाब में 168, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 38, गिलगित बल्टिस्तान में 15 और इस्लामाबाद में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। बाढ़ से 3451.5 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा 147 पुल बह गए, 170 दुकानें नष्ट हो गई और 9,49,858 मकान आंशिक रूप से या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे पीएम शाहबाज शरीफ
बाढ़ की जद में आए शहर बलूचिस्तान और सिंध प्रांत का पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने आर्मी चीफ जनरल बाजवा के साथ दौरा किया। साथ ही राहत शिविर केंद्रों में रह परिवारों का हाल भी पीएम ने जाना।
प्रधानमंत्री शरीफ क्वेटा के पास बने बाढ़ राहत शिविर पहुंच कर यहां कुछ बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के आदेश दिए और शिविर में रह रहे परिवारों को सुरक्षित रखने का उन्होंने आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें:-Miss England: बिना Makeup ब्यूटी कॉन्टैस्ट में शामिल हुईं Melisa, बनाई फाइनल में जगह
