लखनऊ : लाखों की रकम हड़पने के बाद बिल्डर्स ने मां-बेटी से की छेड़खानी
अमृत विचार, लखनऊ । राजधानी में लाखों की रकम हड़पने के बाद दो बिल्डर्स ने मां-बेटी के साथ अश्लील हरकत करते हुए उनके छेड़खानी की है। पीड़ित की तहरीर पर चिनहट कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। चिनहट थानाक्षेत्र निवासिनी पीड़िता ने बताया कि कुछ साल पहले उनकी मुलाकात गोरखपुर …
अमृत विचार, लखनऊ । राजधानी में लाखों की रकम हड़पने के बाद दो बिल्डर्स ने मां-बेटी के साथ अश्लील हरकत करते हुए उनके छेड़खानी की है। पीड़ित की तहरीर पर चिनहट कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
चिनहट थानाक्षेत्र निवासिनी पीड़िता ने बताया कि कुछ साल पहले उनकी मुलाकात गोरखपुर जनपद के अलहदापुर थानाक्षेत्र के कोठी कृष्णा निवासी अनुभव प्रताप सिंह और वैभव प्रताप सिंह से हुई थी। यह दोनों भाई राजधानी में रहकर बिल्डिंग बनाने का कारोबार करते हैं। पीड़िता ने बताया कि साल 2020 में उनसे बिल्डर्स भाईयों को बिल्डिंग निर्माण हेतु 19 लाख रुपये कई किश्तों में ट्रांसफर किए थे। इसके बावजूद बिल्डर्स ने उनके भवन का निर्माण कार्य नहीं किया और न ही उनकी रकम वापस की।
ठगे जाने के बाद पीड़िता आरोपियों से अपनी रकम का तकादा करने लगी, लेकिन बिल्डर्स रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगे। इसके बाद पीड़िता अपनी बेटी के संग मल्हौर रोड स्थित बिल्डर्स के कार्यालय पर पहुंची। आरोप है कि इस दौरान बिल्डर्स ने उन्हें रूपये लौटाने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मां-बेटी के संग अश्लील हरकत कर उनसे छेड़खानी की। इसके बाद पीड़िता ने चिनहट कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
जिसके बाद पीड़िता ने डीपीसी ईस्ट से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी के आदेश पर चिनहट कोतवाली पुलिस ने बिल्डर्स भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस सम्बन्ध में चिनहट थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने बिल्डर्स पर धोखाधड़ी, छेड़खानी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ : घर में घुसकर दलित युवती को दुष्कर्म की दी धमकी
