लखनऊ : बाइक से आए दो चोरों ने डॉक्टर का खंगाला घर
अमृत विचार, लखनऊ । गोमतीनगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत देर शाम बाइक सवार दो चोरों ने डॉक्टर के घर को निशाना बनाया है। चोर घर में बने पूजास्थल से चांदी की मूर्ति समेत रोजमर्रा के सामान को समेट कर भाग निकले। हालांकि डॉक्टर के नौकर ने चोरों को चोरी करते देख लिया। पकड़े जाने के डर चोर …
अमृत विचार, लखनऊ । गोमतीनगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत देर शाम बाइक सवार दो चोरों ने डॉक्टर के घर को निशाना बनाया है। चोर घर में बने पूजास्थल से चांदी की मूर्ति समेत रोजमर्रा के सामान को समेट कर भाग निकले। हालांकि डॉक्टर के नौकर ने चोरों को चोरी करते देख लिया। पकड़े जाने के डर चोर फौरन वहां से भाग निकले। इसके बाद नौकर ने अपने मालिक को घर में हुई चोरी की सूचना दी। जिसके बाद नौकर की तहरीर पर गोमतीनगर पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
मूलरूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद निवासी रमेशचंद गोमतीनगर थानाक्षेत्र के विश्वासखंड में करीब पांच सालों से डॉ.सीपी बाजपेई के सर्वेंट क्वार्टर में सपरिवार रहते हैं। उन्होंने बताया कि सर्वेंट क्वार्टर में ही पंकज कुमार अपनी पत्नी के साथ रहता है। पंकज की पत्नी डॉक्टर के घर में घरेलू कामकाज करती है।
उन्होंने बताया कि बीत 28 अगस्त को उनके मालिक अपने निजी कामकाज के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए थे। इसी शाम छह बजे बाइक से दो चोर उनके घर के पास रुके और अचानक ही वह अंदर घुस आए। चोरों ने घर में घुसते ही पूजा स्थल को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि चोरों ने पूजास्थल से चांदी की मूर्ति पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा चोर घर के रोजमर्रा का सामान बटोरने लगे। इसी बीच पंकज की पत्नी ने घर में घुसे चोरों को देख लिया और वह शोर मचाने लगी।
पकड़े जाने के डर से चोर वहां से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने फौरन मकान मालिक को घर में हुई चोरी की सूचना देते हुए गोमतीनगर कोतवाली में तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अन्य नौकरों से पूछताछ की लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में गोमतीनगर थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ : बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने दी पुलिस को चुनौती
