पाला बदलने के लिए रुपयों की पेशकश, केजरीवाल के आरोपों की हो फॉरेंसिक जांच: भाजपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के उन आरोपों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की, जिनमें उनकी ओर से दावा किया गया था कि राजधानी की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को पाला बदलने के लिए रूपयों …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के उन आरोपों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की, जिनमें उनकी ओर से दावा किया गया था कि राजधानी की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को पाला बदलने के लिए रूपयों की पेशकश की थी। दिल्ली के सात भाजपा सांसदों ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना को इस संबंध में एक पत्र लिखा और उचित कदम उठाने का आग्रह किया है।

भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आबकारी नीति और स्कूली कक्षाओं के निर्माण में हुए कथित घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आप के नेता ‘‘दुर्भावनापूर्ण, झूठे और गुमराह करने वाले’’ आरोप लगा रहे हैं। तिवारी ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि आप के विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई और इस सिलसिले में फोन आया था। अगर किसी का फोन आता है तो वह छिप नहीं सकता।

हम भाजपा के सांसद चाहते हैं कि केजरीवाल स्पष्ट करें कि फोन किसका आया था और किसके पास आया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसकी जब तक जांच नहीं होगी, तब तक हम सत्य तक नहीं पहुंच पाएंगे। इसकी फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। हमारी मांग है कि इस सिलसिले में जिनको-जिनको फोन आया है, उन सभी लोगों के फोन जांच एजेंसी को लेना चाहिए और इसकी जांच होनी चाहिए।’’ उल्लेखनीय है कि आप नेताओं ने आरोप लगाए थे भाजपा ने उसके विधायकों को पाला बदलने के लिए 20 – 20 करोड़ रूपये की पेशकश की थी।

ये भी पढ़ें – देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 64,667 हुई

संबंधित समाचार