सपा डूबता हुआ जहाज, 2024 में भाजपा जीतेगी सभी 80 सीटें: एसपी सिंह बघेल
औरैया। समाजवादी पार्टी (सपा) को डूबता हुआ जहाज बताते हुये केन्द्रीय मंत्री ए.पी सिंह बघेल ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जायेगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश की सभी 80 सीटें जीत कर लगातार तीसरी बार सरकार बनायेगी। बिधूना तहसील में निजी कार्यक्रम …
औरैया। समाजवादी पार्टी (सपा) को डूबता हुआ जहाज बताते हुये केन्द्रीय मंत्री ए.पी सिंह बघेल ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जायेगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश की सभी 80 सीटें जीत कर लगातार तीसरी बार सरकार बनायेगी। बिधूना तहसील में निजी कार्यक्रम में आये श्री बघेल ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आने वाले 2024 के लोकसभा के चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा “यह मैं वैसा नहीं बोलता हूं जैसा अखिलेश यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 403 में 401 सीटें जीतने का दावा किया था। 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन में बसपा 10 और सपा पांच सीटें जीत गयी थी मगर इन पांच में दो सीटें रामपुर और आजमगढ़ में हमारे सांसद उपचुनाव जीत चुके है। इस बार तो हम मैनपुरी व संभल में भी जीत हासिल करेंगे।
उन्होने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल यादव पिछले पांच साल में सबसे कमजोर राजनेता साबित हुये हैं।
वह 2012 में वह सपा सरकार में मंत्री पद से हटाये गये, प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये गये। उन्होंने अपनी पार्टी बनायी जिसके बाद 2022 में उन्होंने अखिलेश से गठबंधन किया। 80 सीटें मांगी फिर 70, फिर 60, फिर 50 और धीरे-धीरे एक सीट पर आ गये। वह भी उन्हें नहीं मिली, उस पर उन्हें साइकिल का प्रत्याशी बनाया गया।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होने कहा कि पिछले चुनाव में इटावा और आसपास के जिलों में कांग्रेस प्रत्याशी अपनी जमानत भी नही बचा पाये थे। वह अमेठी सीट को नहीं बचा पायी। कुल मिलाकर कांग्रेस अब इतिहास हो गयी है।
यह भी पढ़ें:-तानाशाही चलाने वाले भाजपा को बता रहे हैं असहिष्णु: एसपी सिंह बघेल
