बरेली: फूफा और उसका बेटा बना हैवान, एक साल तक किया मासूम से दुष्कर्म
बरेली,अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के नारियावल में एक व्यक्ति और उसके बेटे ने रिश्तों को तार-तार करने जैसी घटना को अंजाम दिया है। आरोपी और उसके बेटे की इस हरकत को जो भी सुनता है उसका सिर शर्म से झुक जाता है। बुआ के यहां पढ़ने गई 13 वर्षीय मासूम के साथ फूफा …
बरेली,अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के नारियावल में एक व्यक्ति और उसके बेटे ने रिश्तों को तार-तार करने जैसी घटना को अंजाम दिया है। आरोपी और उसके बेटे की इस हरकत को जो भी सुनता है उसका सिर शर्म से झुक जाता है। बुआ के यहां पढ़ने गई 13 वर्षीय मासूम के साथ फूफा और फुफेरे भाई ने एक वर्ष तक दुष्कर्म किया।
पीड़िता की मां को जब इस हरकत का पता चला तो उन्होंने खरी-खोटी सुनाते हुए रिपोर्ट लिखाने को कहा। इस पर आरोपियों ने बच्ची की मां का गला दबाकर मारने की कोशिश की। बिथरी चैनपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज नहीं किया, तब बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए मां ने पुलिस अधिकारियों की चौखट को खटखटाया। एसएसपी आफिस में पहुंचकर महिला ने सीओ नवाबगंज को बेटी के साथ हुई घटना के संबंध में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने सीओ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक वर्ष पहले उन्होंने अपनी 13 वर्षीय बेटी को ननद के यहां पढ़ने के लिए भेजा था। वह कक्षा आठ में पढ़ती है। कुछ दिन पहले ननद की सास की बरसी थी। उसमें शामिल होने के लिए वह नरियावल गई। वहां रात में रुकने पर जब बेटी को मौका मिला, तब उसने फूफा और फुफेरे भाई की करतूत रो-रोकर सुनाई।
सीओ ने थाना बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर को मामले की जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। महिला ने बताया कि आरोपी उसकी बेटी और पति के साथ किसी भी तरह की वारदात कर सकते हैं।
