पीलीभीत: प्रताड़ना से आहत महिला ने बच्चे संग नदी में लगाई छलांग
पीलीभीत, अमृत विचार। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाकर जान देने की कोशिश कर दी। महिला अपने तीन साल के बच्चे को लेकर देवहा पुल पर पहुंची और बच्चे समेत नदी में छलांग लगा दी। मछली पकड़ने को पहले से मौजूद लोगों ने मशक्कत कर दोनों को सकुशल …
पीलीभीत, अमृत विचार। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाकर जान देने की कोशिश कर दी। महिला अपने तीन साल के बच्चे को लेकर देवहा पुल पर पहुंची और बच्चे समेत नदी में छलांग लगा दी। मछली पकड़ने को पहले से मौजूद लोगों ने मशक्कत कर दोनों को सकुशल निकाल लिया। इसकी सूचना मिलने पर सीओ पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी जुटाई। फिर महिला को मायके वालों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना को लेकर हड़कंप मचा रहा।
घटना बृहस्पतिवार सुबह की है। एक महिला अपने तीन साल के बच्चे को गोद में लेकर बरेली हाईवे पर देवहा नदी पुल पर पहुंची। रोज की तरह हाईवे पर आवाजाही चल रही थी। पहले तो लोग महिला को बच्चे संग खड़ा देख असमंजस में रहे। उसके बाद कुछ समझ पाते इससे पहले ही महिला ने देवहा नदी में छलांग लगा दी। यह देख राहगीरों के होश उड़ गए।
शोर मचाकर अन्य लोगों को जमा किया और मदद की गुहार लगाई। उधर, नदी में कुछ लोग मछली पकड़ने के लिए पहले से मौजूद थे। वह महिला और बच्चे को बचाने के लिए नदी में उतरे और चंद मिनट में ही दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसकी सूचना मिलने पर सीओ ज्योति यादव पुलिस बल के साथ पहुंच गई।
महिला को असम पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। वहां पर उसकी आपबीती सुनी गई और कार्रवाई के तहरीर मांगी। मायके वालों को भी बुला लिया गया। उसके बाद महिला अपने मायके वालों के साथ चली गई। इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि महिला और बच्चे दोनों सुरक्षित हैं। उन्हें मायके वाले साथ ले गए हैं। किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- डिप्टी सीएम के दौरे के बीच वरुण गांधी ने डीएम को लिखा पत्र, स्वास्थ्य सुविधाओं का उठाया मुद्दा
