महारानी एलिजाबेथ-II के निधन के बाद ब्रिटेन में खेलों को किया रद, 70 साल पहले भी हुआ था ऐसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 96 वर्ष की उम्र में निधन के बाद ब्रिटेन में कई खेल आयोजन रद कर दिए गए। महारानी के निधन का समाचार मिलने के तुरंत बाद ही बीएमडब्ल्यू पीजीए चैंपियनशिप में दिन का खेल रोक दिया गया। शुक्रवार को भी यह गोल्फ कोर्स बंद रहेगा। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड …

लंदन। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 96 वर्ष की उम्र में निधन के बाद ब्रिटेन में कई खेल आयोजन रद कर दिए गए। महारानी के निधन का समाचार मिलने के तुरंत बाद ही बीएमडब्ल्यू पीजीए चैंपियनशिप में दिन का खेल रोक दिया गया। शुक्रवार को भी यह गोल्फ कोर्स बंद रहेगा।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने ओवल टेस्ट समेत देश में हो रहे क्रिकेट के सभी छोटे-बड़े टूर्नामेंट और मैचों को रद करने का ऐलान किया है। बता दें कि इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट की सीरीज के शुरुआती दो मैचों  में 1-1 की बराबरी है। तीसरा निर्णायक मैच है। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच ओवल में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच में शुक्रवार को खेल नहीं होगा।

बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के कारण शुक्रवार को होने वाले सभी खेलों के मैचों के अलावा मीटिंग को भी रद कर दिया गया। इनमें क्रिकेट के अलावा फुटबॉल, रग्बी, टेनिस, फॉर्मूला-1, साइकिलिंग भी प्रमुखता से शामिल हैं। प्रीमियर लीग से नीचे की तीन डिवीजन को संचालित करने वाली इंग्लिश फुटबॉल लीग ने कहा कि शुक्रवार की शाम को होने वाले मैचों को रद कर दिया गया है।

70 साल पहले पिता के निधन पर भी मैच रोका गया था
बता दें कि 70 साल पहले भी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पिता किंग जॉर्ज षष्टम के निधन पर खेलों को रद कर दिया गया था। किंग जॉर्ज का निधन 6 फरवरी 1952 को हुआ था। तब इंग्लैंड टीम चेन्नई (तब मद्रास) में भारत से टेस्ट मैच खेल रही थी। सात फरवरी को टेस्ट का दूसरा दिन था। तब किंग जॉर्ज के निधन के चलते इस दूसरे दिन का खेल भी रद (रेस्ट-डे माना गया) कर दिया गया था। संयोग की बात है कि इस बार इंग्लैंड-साउथ अफ्रीका टेस्ट का भी दूसरा ही दिन पड़ा, जिसे रद किया गया।

एलिजाबेथ द्वितीय 15 देशों की महारानी थीं
किंग जॉर्ज के निधन के बाद एलिजाबेथ द्वितीय महारानी बनाया गया था। तब उनकी उम्र मात्र 25 साल थी। एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन में सबसे ज्यादा शासन करने वाली शासक रहीं। वह 70 साल तक ब्रिटेन की महारानी रहीं। उनके शासनकाल में ब्रिटेन के 15 प्रधानमंत्री बने। खास बात यह है कि एलिजाबेथ सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, बल्कि 15 देशों की महारानी थीं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा जैसे समृद्ध देश भी हैं।

ये भी पढ़ें : Queen Elizabeth II Death: जब UP आई थीं ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय, किया था ताज का दीदार

संबंधित समाचार