इस दिन कराहल जाएंगे PM मोदी, CM शिवराज ने तैयारियों का लिया जायजा
श्योपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्योपुर जिले के कराहल में होने वाली यात्रा और स्व-सहायता समूहों के उन्मुखीकरण सह सम्मेलन की तैयारियों का आज जायजा लिया और तैयारियों के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे। मुख्यमंत्री शिवराज और केंद्रीय …
श्योपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्योपुर जिले के कराहल में होने वाली यात्रा और स्व-सहायता समूहों के उन्मुखीकरण सह सम्मेलन की तैयारियों का आज जायजा लिया और तैयारियों के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे।
मुख्यमंत्री शिवराज और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कुनो राष्ट्रीय उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चीता भारत में ही नहीं एशिया महाद्वीप से भी विलुप्त हो गया था, अब अफ्रीका से यहां चीते आएंगे और चीतों का पुनर्स्थापन होगा।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी अपने जन्मदिन पर मध्यप्रदेश की धरती पर पधार रहे हैं।
प्रधानमंत्री जी के आगमन को लेकर मध्यप्रदेश हर्ष और उत्साह से भरा हुआ है और उनके आगमन की उत्सुकता से हम सभी प्रतीक्षा कर रहे हैं। https://t.co/aVNMbAJ3J1
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 11, 2022
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां स्वयं आकर चीतों को छोड़ेंगे। जहां चीते क्वारंटाइन में रहेंगे, जिसके बाद उन्हें बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा। वन विभाग के साथ मिलकर आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार चौहान ने नामीबिया (अफ्रीका) से कूनो राष्ट्रीय उद्यान में प्रतिस्थापित किए जाने वाले चीतों के संबंध में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण दायित्व में लगे अधिकारियों से भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की 17 सितंबर की कराहल यात्रा के मद्देनजर बनाये गये मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, आपातकालीन सेवाओं सहित मेडिकल सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही स्व-सहायता समूहों के उन्मुखीकरण की दिशा में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने उन्मुखीकरण कार्यक्रम में आने वाले स्व-सहायता समूह के सदस्यों के आने-जाने एवं कार्यक्रम स्थल पर की गई व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। चौहान ने प्रशासनिक अधिकारियों को सभी तैयारियाँ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
साथ ही प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगाये गये टेन्ट तथा अन्य व्यवस्थाओं को देखा। चौहान ने प्रशासनिक अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश भी दिये। चौहान ने मीडिया प्लान पर भी प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने श्योपुर जिले के कराहल में म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की बहनों के उन्मुखीकरण और सह-सम्मेलन की तैयारियों की भी जानकारी ली।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में हिस्सा लेने वाली बहनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। समूहों द्वारा सब्जी एवं दुग्ध उत्पादन, अगरबत्ती, हैण्डवॉश, साबुन निर्माण, कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका गतिविधियां और आजीविका पोषण वाटिका के संचालन के कार्यों की भी जानकारी ली।
प्रधानमंत्री मोदी समूह की सदस्य बहनों की उद्यमशीलता की जानकारी प्राप्त करेंगे। चौहान के कराहल हेलीपेड पहुंचने पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
ये भी पढ़ें- Fevicol को नीतीश कुमार को अपना ब्रांड एंबेसडर बना देना चाहिए : PK
