मुरादाबाद : पेडागोजी कोर्स करेंगे उत्तराखंड के पुलिस अधिकारी, 17 सितंबर को होगा प्रशिक्षण सत्र का आगाज
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारी मुरादाबाद की डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में गुरु बनने का गुर सीखेंगे। पुलिस अधिकारियों के एक माह के प्रशिक्षण सत्र का आगाज 17 सितंबर को होगा। पुलिस अकादमी के निदेशक व एडीजी जयनारायण सिंह प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित करने की कार्ययोजना …
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारी मुरादाबाद की डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में गुरु बनने का गुर सीखेंगे। पुलिस अधिकारियों के एक माह के प्रशिक्षण सत्र का आगाज 17 सितंबर को होगा। पुलिस अकादमी के निदेशक व एडीजी जयनारायण सिंह प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित करने की कार्ययोजना पूरी कर ली गई है।
उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न प्रदेशों की पुलिस के सामने चुनौतियां नित नए रूप में खड़ी हो रही हैं। इससे पार पाने की कवायद के लिए पुलिस लगातार खुद को अत्याधुनिक बना रही है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर भी बल दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण में लगातार गुणात्मक सुधार कर रही है। हर मोर्चे पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही यूपी पुलिस अब नया नजीर बनने जा रही है।
पड़ोसी प्रांत उत्तराखंड ने पुलिस के अपने बेड़े से उन 28 पुलिस अधिकारियों का चयन किया है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस की गुरुकुल कही जाने वाली डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में पेडागोजी कोर्स करेंगे। पेडागोजी कोर्स करने वाले उत्तराखंड के पुलिस अफसरों के नाम की सूची पुलिस अकादमी को मिल गई है। शासन के आदेश पर पुलिस अकादमी उत्तराखंड के पुलिस अफसरों का एक माह के प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ 17 सितंबर को होगा।
क्या होता है पेडागोजी कोर्स
डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी के अतिथि प्रवक्ता व रिटायर्ड सीओ बीके सिंह बताया कि पेडागोजी कोर्स करने की अहर्ता पुलिस के निरीक्षक व उपनिरीक्षक को होती है। पेडागोजी कोर्स के तहत प्रशिक्षु को इंडोर व आउट डोर विषयों की ट्रेनिंग कराई जाती है। हालांकि पेडागोजी कोर्स करने वाला निरीक्षक अथवा उपनिरीक्षक हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक व निरीक्षक को इंडोर ट्रेनिंग कराता है। पेडागोजी कोर्स करने वाला अधिकारी पुलिस महकमे में शिक्षक की भूमिका में होता है।
प्रशिक्षण को रुचिकर बनाने की विधा बताई जाएगी
उत्तराखंड के 28 उपनिरीक्षक पुलिस अकादमी में पेडागोजी कोर्स करने आ रहे हैं। 15 सितंबर को उनके आमद की अंतिम तिथि है। दो दिन क्वारंटीन रहने के बाद वह प्रशिक्षण शुरू करेंगे। उत्तराखंड पुलिस के जवानों को पुलिस प्रशिक्षण की विधा बताई जाएगी। प्रशिक्षण को रुचिकर बनाने की विधा बताई जाएगी। -पूनम मिश्रा, सीओ पुलिस अकादमी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मेरठ की तर्ज पर होगा ‘अभ्युदय’ का संचालन, नहीं चलेगा ढुलमुल रवैया
