बरेली: पांच स्वास्थ्यकर्मियों समेत 13 पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 300 के पार
बरेली,अमृत विचार। जिले में गुरुवार को 13 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें चार पीएचसी तो एक सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी व उनके परिजन शामिल हैं। गुरुवार को आईवीआरआई से सात, ट्रू नॉट मशीन से चार तो दो लोगों को निजी लैब से कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में अब संक्रमितों …
बरेली,अमृत विचार। जिले में गुरुवार को 13 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें चार पीएचसी तो एक सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी व उनके परिजन शामिल हैं। गुरुवार को आईवीआरआई से सात, ट्रू नॉट मशीन से चार तो दो लोगों को निजी लैब से कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 300 के पार पहुंच गया है। वहीं, सक्रिय केसों की संख्या 148 हो गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी के मुताबिक शीशगढ़ पीएचसी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों के परिजनों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक 14 वर्षीय व एक छह वर्षीय बच्चा शामिल हैं। इसके अलावा एक 21 वर्षीय महिला को भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनके एमएमयू मोबाइल के माध्यम से सैंपल लिए गए थे। पीएचसी पर तैनात एक अन्य कर्मचारी के परिजन 53 वर्षीय व्यक्ति को भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इन्हें बुखार है। यह कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती हैं, जहां इनका उपचार किया जा रहा है। इनका सैंपल इसी मेडिकल कालेज से भेजा गया था। इसके अलावा एक स्वास्थ्यकर्मी जगतपुर सीएचसी पर तैनात है। एक 40 वर्षीय महिला बहेड़ी में कोरोना संक्रमित मिली है।
बड़ा बाजार का दंपति भी कोरोना पॉजिटिव
बड़ा बजार के पति-पत्नी को भी कोरोना पॉजिटिव की हुई है। 55 वर्षीय यह व्यक्ति कुछ दिन पहले पैर में दर्द होने की शिकायत पर बदायूं जिले के उझानी कस्बे में उपचार के लिए गए थे। वहां चिकित्सक ने इन्हें कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए थे। इस पर यह जिला अस्पताल बरेली इाए, जहां ट्रू नॉट से इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें हाईबीपी और कमजोरी बनी हुई है, जबकि इनकी पत्नी को भी बुखार है, वह भी टू् नॉट जांच में पॉजिटिव आई है।
हरुनगला, रामवाटिका और ब्रह्मपुरा में फिर कोरोना की दस्तक
गुरुवार को आई रिपोर्ट में एक बार फिर से कोरोना ने हरुनगला, रामवाटिका, ब्रह्मपुरा और जखीरा में अपनी दस्तक दी है। रिपोर्ट में संक्रमित पाए गए 55 वर्षीय व्यक्ति जखीरा के निवासी हैं, इनकी रिपोर्ट ट्रू नॉट से पॉजिटिव आई है। क्रिस्टल कालोनी हरुनगला की 60 वर्षीय महिला को कोरोना की पुष्टि हुई है। इनकी भी रिपोर्ट ट्रू नॉट से पॉजिटिव आई है। रामवाटिका के 26 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है, हल्की खांसी, सर्दी बुखार की शिकायत होने पर निजी लैब से जांच कराई थी, जो पॉजिटिव निकली है। वहीं ब्रह्मपुरा में 62 वर्षीय बुजुर्ग को कोरोना की पुष्टि हुई है। यह डायबिटीज और हाइपरटेंशन बीमारी से ग्रसित हैं।
डिलीवरी से पहले हुई जांच, निकलीं पॉजिटिव
मीरगंज कस्बे के मोहल्ला शेखुपुरा की रहने वाली महिला की डिलीवरी शहर के एक निजी अस्पताल में हुई थी। डिलीवरी के समय महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा। गुरुवार को सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद महिला को निजी अस्पताल से कोविड एल-2 में शिफ्ट कर दिया है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम उन लोगों की भी जांच कर रही है, जो पीड़ित महिला के संपर्क में आए हैं।
सिंधुनगर में संक्रमित के सात परिजन क्वारंटाइन
सिंधुनगर में दो दिन पहले संक्रमित मिले व्यक्ति के सात परिजनों को गुरुवार को सर्विलांस टीम ने तीन सौ बेड अस्पताल में क्वारंटाइन कराया है। सर्विलांस टीम ने बताया कि सभी के सैंपल लेकर जांच को आईवीआरआई भेजे जाएंगे। इसमें से तीन लोगों में कोरोना के लक्षण भी हैं।
